ईद-उल-अजहा पर नमाज, दुआ और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मनाया गया त्योहार

टेन न्यूज नेटवर्क

नोएडा (7 जून 2025): ईद-उल-अजहा का पर्व नोएडा सहित पूरे देश में हर्षोल्लास और धार्मिक श्रद्धा के साथ मनाया गया। सुबह होते ही मस्जिदों में विशेष नमाज अदा की गई। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और ईदी का आदान-प्रदान किया। इस अवसर पर देश में अमन, शांति और भाईचारे के लिए दुआएं मांगी गईं। नोएडा के सेक्टर-8 स्थित जामा मस्जिद में हजारों की संख्या में श्रद्धालु नमाज के लिए एकत्र हुए। नमाज शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई।

पुलिस की सख्त निगरानी

संवेदनशील इलाकों में तैनात बल
ईद को देखते हुए गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए। संवेदनशील इलाकों और मस्जिदों के आसपास पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह स्वयं सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करती रहीं। एडिशनल कमिश्नर ऑफ पुलिस (लॉ एंड ऑर्डर) राजीव नारायण मिश्र ने जानकारी दी कि अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए गए हैं और मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।

40 से अधिक स्थानों पर विशेष प्रबंध, 15 क्यूआरटी और 3 PAC कंपनियां तैनात

जनपद में ईद की नमाज के मद्देनज़र 40 से अधिक स्थलों पर विशेष सुरक्षा प्रबंध किए गए। इनमें 15 क्विक रिस्पॉन्स टीमें (क्यूआरटी) और पीएसी की तीन कंपनियां तैनात की गईं। रूटीन पुलिस बल के साथ-साथ अतिरिक्त जवानों को भी फील्ड ड्यूटी पर लगाया गया। कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु कार्यालय में तैनात आठ वरिष्ठ अधिकारियों को भी फील्ड ड्यूटी पर भेजा गया।

शांति समिति बैठकें और सोशल मीडिया पर कड़ी नजर

त्योहार से पहले सभी तीनों जोनों में 30 से अधिक पीस कमेटी बैठकों का आयोजन हुआ, जिसमें विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर शांति और सौहार्द बनाए रखने का संकल्प लिया। साथ ही, प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी से बचने और नई परंपराओं की शुरुआत न करने की अपील की गई।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखी गई, जिससे किसी भी अफवाह या भड़काऊ सामग्री पर समय रहते नियंत्रण पाया जा सके।

शांति और सौहार्द के साथ सम्पन्न हुआ पर्व

प्रशासन की सूझबूझ और सतर्कता के साथ ईद-उल-अजहा का पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। श्रद्धालु धार्मिक भावनाओं के साथ एकत्र हुए और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को सुचारू रूप से संभालते हुए त्योहार को सकुशल सम्पन्न कराया।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।