नोएडा को मिलेगा ट्रैफिक जाम से छुटकारा! महामाया फ्लाईओवर से ग्रीन गार्डन तक बनेगा ‘स्मूथ सफर कॉरिडोर
टेन न्यूज नेटवर्क
नोएडा, (06 जून 2025): नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक जाम से जूझ रहे लाखों वाहन चालकों के लिए राहत की खबर है। महामाया फ्लाईओवर से डीएनडी/नोएडा लूप तक के खंड पर अक्सर लगने वाले भारी जाम से निजात दिलाने के लिए अब इस मार्ग का चौड़ीकरण किया जाएगा। सेक्टर-95 स्थित राष्ट्रीय दलित प्रेरणा स्थल और ग्रीन गार्डन के सामने सड़क के इस महत्वपूर्ण हिस्से को नया रूप दिया जाएगा, जिसे ‘स्मूथ सफर कॉरिडोर’ का नाम दिया जा रहा है।
नोएडा प्राधिकरण द्वारा इस योजना को स्वीकृति दे दी गई है। दरअसल, प्रेरणा स्थल एवं ग्रीन गार्डन की रखरखाव समिति ने यातायात के दबाव और सुरक्षा कारणों से इस सड़क के चौड़ीकरण की मांग की थी। समिति की अनुशंसा के बाद 26 सितंबर 2024 को नोएडा प्राधिकरण को पत्र भेजा गया था, जिसके जवाब में 5 जून 2025 को स्वीकृति प्रदान कर दी गई।
इस परियोजना के तहत सेक्टर-95 के सामने लगभग 600 मीटर लंबे हिस्से में पहले से निर्मित 1 मीटर रोड साइड स्ट्रिप, 1.4 मीटर चौड़ी फुटपाथ व रेलिंग तथा 3.1 मीटर पेव्ड टाइल्स को हटाया जाएगा। इन सबको हटाकर यहां 5.5 मीटर चौड़ी नई सर्विस लेन का निर्माण होगा, जिससे पूरी सड़क की कैरेजवे चौड़ाई 45 मीटर तक पहुंच जाएगी।
चौड़ीकरण के बाद यह मार्ग न केवल ट्रैफिक दबाव को कम करेगा, बल्कि प्रेरणा स्थल और आसपास के स्मारकों, संस्थानों व पार्कों में आने-जाने वालों के लिए भी सुगम रास्ता बनेगा। नोएडा प्राधिकरण ने तकनीकी सर्वेक्षण, सुरक्षा व अनुरक्षण समिति की अनुमति प्राप्त कर ली है। अब ड्राइंग तैयार कर अंतिम स्वीकृति की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। स्वीकृति मिलते ही यह कार्य युद्धस्तर पर प्रारंभ किया जाएगा।
टिप्पणियाँ बंद हैं।