लुहारली टोल प्लाज़ा पर महिला से दुर्व्यवहार का मामला, मुख्य आरोपी समेत 3 अन्य गिरफ्तार
टेन न्यूज़ नेटवर्क
ग्रेटर नोएडा (04 जून 2025): थाना दादरी क्षेत्र के लुहारली टोल प्लाज़ा पर एक महिला के साथ दुर्व्यवहार का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। तीन अन्य आरोपियों को भी हिरासत में लिया है।
पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमित मुखिया पुत्र लेखराज, निवासी ह्रदयपुर, थाना सिकन्द्राबाद, जनपद बुलन्दशहर (उम्र लगभग 28 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने मुख्य आरोपी के साथ-साथ धरना स्थल पर अशांति फैलाने वाले तीन अन्य व्यक्तियों को भी हिरासत में लिया है। इन सभी से पूछताछ की जा रही है और उनके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।
वीडियो व फोटो के आधार पर पहचान
पुलिस ने बताया कि अन्य संदिग्धों की पहचान वीडियो और फोटोग्राफिक साक्ष्यों के माध्यम से की जा रही है। उनकी गिरफ्तारी के प्रयास भी जारी हैं। इस घटना का संज्ञान लेते हुए थाना दादरी पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया। मामले की जांच के दौरान नामित और प्रकाश में आए 11 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है, जो मुख्य रूप से बुलंदशहर जनपद के निवासी हैं।
एडीसीपी ग्रेटर नोएडा सुधीर कुमार ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि अन्य अभियुक्तों की पहचान की जा रही है तथा सभी के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस प्रकार की घटनाओं को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों को सख्त सजा दिलाई जाएगी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।