चार मूर्ति चौक पर अंडरपास निर्माण का कार्य तेज, ट्रैफिक डायवर्जन लागू

टेन न्यूज़ नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (04 जून 2025): ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सबसे व्यस्त चौराहों में शामिल चार मूर्ति चौक पर ट्रैफिक जाम की समस्या के समाधान के लिए प्राधिकरण द्वारा अंडरपास निर्माण कार्य को तेज गति से अंजाम दिया जा रहा है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर यह कार्य प्रगति पर है, और बिसरख से चार मूर्ति चौक की ओर मेन कैरिज-वे पर भी काम शुरू हो गया है। इस कारण 60 मीटर रोड के एक हिस्से को वाहनों के लिए बंद कर ट्रैफिक डायवर्जन लागू कर दिया गया है।

प्राधिकरण ने सर्विस रोड को चौड़ा कर वाहनों की आवाजाही के लिए वैकल्पिक मार्ग तैयार कर दिया है। अब वाहन पुलिस चौकी के सामने से बाएं मुड़कर मेन कैरिज-वे के रास्ते नोएडा की ओर जा सकते हैं। जबकि गौड़ सिटी या एनएच-24 की ओर जाने वाले वाहन हिंडन पार कर यूटर्न लेकर अपनी दिशा में बढ़ सकते हैं।

अंडरपास निर्माण कार्य के चलते बिसरख से चौक की ओर लगभग 150 मीटर दूरी तक मुख्य मार्ग को बंद कर दिया गया है। परियोजना के तहत चौक के दोनों ओर 350-350 मीटर लंबा अंडरपास बनाया जा रहा है, जिस पर लगभग 92 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इस निर्माण कार्य को पूरा करने में अनुमानित डेढ़ साल का समय लग सकता है, हालांकि प्राधिकरण इसे एक साल के भीतर पूरा करने के लिए गंभीर प्रयास कर रहा है।

अंडरपास के निर्माण के साथ-साथ प्राधिकरण ने ग्रेनो वेस्ट के अन्य क्षेत्रों में भी ट्रैफिक सुधार के लिए कई कदम उठाए हैं। इटैड़ा गोलचक्कर और एकमूर्ति गोलचक्कर पर यूटर्न की व्यवस्था कर जाम की स्थिति को काफी हद तक नियंत्रित किया गया है। शाहबेरी रोड को चौड़ा करने से भी स्थानीय लोगों को राहत मिली है।

प्राधिकरण की एसीईओ प्रेरणा सिंह ने कहा है कि चार मूर्ति चौक से प्रतिदिन गुजरने वाले हजारों वाहन चालकों की परेशानी को ध्यान में रखते हुए अंडरपास निर्माण कार्य को प्राथमिकता दी गई है। वह स्वयं इस कार्य की नियमित निगरानी कर रही हैं ताकि कार्य में कोई ढिलाई न हो। वहीं, जीएम प्रोजेक्ट ए.के. सिंह और वर्क सर्किल एक प्रभारी प्रभात शंकर भी निरंतर निरीक्षण कर कार्य में तेजी लाने के प्रयास कर रहे हैं।

इस अंडरपास के बन जाने से न केवल ट्रैफिक जाम से मुक्ति मिलेगी, बल्कि ग्रेनो वेस्ट के यातायात ढांचे को भी नई दिशा मिलेगी।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।