खेरली नहर के पास ट्रैक्टर की चपेट में आया बाइक सवार, एक पैर कटने से हालत गंभीर
टेन न्यूज नेटवर्क
ग्रेटर नोएडा (4 जून 2025): दनकौर थाना क्षेत्र के अंतर्गत खेरली नहर के पास मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नोएडा की ओर अपनी ड्यूटी पर जा रहे युवक को सामने से आ रहे ट्रैक्टर के रोटावेटर ने टक्कर मार दी, जिससे युवक का एक पैर कट गया। हादसे में घायल युवक को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना में घायल युवक की पहचान बुलंदशहर जनपद के शिकारपुर निवासी अमित के रूप में हुई है। वह नोएडा की एक निजी कंपनी में कार्यरत है और रोजाना बाइक से अपने कार्यस्थल जाता है। मंगलवार दोपहर वह अपनी बाइक से नोएडा की ओर जा रहा था, तभी खेरली नहर के पास सामने से आ रहे एक ट्रैक्टर के पीछे लगे रोटावेटर ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अमित का एक पैर पूरी तरह कट गया और उसके शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उसे अलीगढ़ के एक बड़े अस्पताल में रेफर कर दिया गया।
पीड़ित के भाई बृजेश ने दनकौर कोतवाली में अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। बृजेश ने पुलिस को बताया कि हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया और ट्रैक्टर को भी साथ ले गया।
इस मामले में कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने बताया कि घटनास्थल से मिले ट्रैक्टर के नंबर के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में तेज रफ्तार और बिना अनुमति चल रहे कृषि उपकरणों की निगरानी बढ़ाने की मांग की है, जिससे ऐसे हादसों को रोका जा सके। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।