नोएडा प्राधिकरण में देरी से आने वाले 35 कर्मचारियों पर गिरी गाज!

टेन न्यूज नेटवर्क

नोएडा (3 जून 2025): नोएडा प्राधिकरण में अनुशासन और समय की पाबंदी को लेकर ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति अपनाई जा रही है। इसी कड़ी में सोमवार को कार्यालय निरीक्षण के दौरान बड़ी लापरवाही सामने आई। नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) लोकेश एम. ने जब अलग-अलग विभागों की उपस्थिति शीट की जांच की, तो पता चला कि करीब 35 अधिकारी और कर्मचारी समय से कार्यालय नहीं पहुंचे थे।

इस पर तत्काल सख्त रुख अपनाते हुए सीईओ ने इन सभी कर्मचारियों का एक दिन का वेतन रोकने के आदेश जारी किए हैं। इसके साथ ही संबंधित कर्मचारियों और अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए स्पष्टीकरण मांगा गया है। सीईओ ने स्पष्ट किया कि यदि तय समय सीमा में जवाब नहीं दिया गया, तो नियमानुसार आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी।

समय पालन को लेकर पहले भी दिख चुकी है सख्ती, यह पहली बार नहीं है जब सीईओ लोकेश एम. ने इस तरह की कार्रवाई की हो। पूर्व में भी वे अचानक कार्यालय निरीक्षण कर चुके हैं और समय पर उपस्थित न रहने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को चेतावनी दे चुके हैं। एक बार तो उन्होंने एक बुजुर्ग व्यक्ति के कार्य में देरी के चलते पूरे विभागीय स्टाफ को एक घंटे तक खड़े होकर काम करने का निर्देश दिया था।

सीईओ के अनुसार, कई बार सभी विभागों को लिखित और मौखिक रूप से निर्देश दिए जा चुके हैं कि सभी कर्मचारी और अधिकारी निर्धारित समय पर कार्यालय पहुंचें। बावजूद इसके, सोमवार को 35 लोग समय की अनदेखी करते हुए देरी से पहुंचे। यही कारण है कि इस बार सीधे वित्तीय दंड लागू किया गया है।

प्राधिकरण प्रशासन का कहना है कि कार्य संस्कृति में सुधार और आम जनता को समय पर सेवाएं देने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है। अब यह स्पष्ट संदेश दिया गया है कि किसी भी स्तर पर अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

नोएडा प्राधिकरण अब सख्त अनुशासन और जवाबदेही की दिशा में अग्रसर है। सीईओ लोकेश एम. के नेतृत्व में यह सुनिश्चित करने की कोशिश हो रही है कि सभी अधिकारी और कर्मचारी न केवल समय का पालन करें, बल्कि आम जनता को बेहतर और समयबद्ध सेवाएं भी उपलब्ध कराएं।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।