रानी अहिल्याबाई होलकर ने सनातन संस्कृति के संरक्षण के लिए ऐतिहासिक कार्य किए: डॉ महेश शर्मा, सांसद

टेन न्यूज़ नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा, 30 मई 2025: अहिल्याबाई होलकर की त्रिशताब्दी जयंती के उपलक्ष्य में 30 मई को जेवर ब्लॉक और जेवर नगर पंचायत में महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम का आयोजन भव्य रूप से किया गया। इस विशेष समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष अमित चौधरी ने समारोह की गरिमा बढ़ाई।

समारोह को संबोधित करते हुए सांसद डॉ. महेश शर्मा ने रानी अहिल्याबाई होलकर के न्यायप्रिय और जनकल्याणकारी शासन की सराहना करते हुए कहा कि उनके काल में जनता सुखी और सुरक्षित महसूस करती थी। उन्होंने कहा कि रानी अहिल्याबाई ने शासन को सेवा का माध्यम मानते हुए किले, विश्राम गृह, कुएं, सड़कें, घाट, मंदिर, धर्मशालाएं और बावड़ियों का निर्माण कराया और सनातन संस्कृति के संरक्षण के लिए कई ऐतिहासिक कार्य किए। उन्होंने उन्हें बुद्धिमान और तीक्ष्ण सोच वाली शासक बताया, जिनका प्रशासनिक कौशल आज भी अनुकरणीय है।

डॉ. शर्मा ने वर्तमान समय में महिला सशक्तिकरण की दिशा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए गए प्रयासों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि भारतीय संसद में महिलाओं को आरक्षण देकर उन्हें सशक्त बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाया गया है। इसके साथ ही उन्होंने पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में “ऑपरेशन सिंदूर” का उल्लेख करते हुए भारत की बहादुर बेटियों को सलाम किया, जिन्होंने आतंकियों को करारा जवाब दिया।

इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष अमित चौधरी ने भी रानी अहिल्याबाई होलकर के जीवन और आदर्शों को प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी उनके पदचिह्नों पर चलते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने का कार्य कर रही है।

कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष नारायण माहेश्वरी सहित सतपाल, संजय रावत, मंजीत सिंह, चंदमणि भारद्वाज, रोहित ठाकुर, तिर्लोक सिंह, कर्मवीर आर्य, रविन्द्र शर्मा, मोनू गर्ग, अशोक शर्मा समेत सैकड़ों लोगों ने सहभागिता की और रानी अहिल्याबाई होलकर के आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।

यह आयोजन न केवल रानी अहिल्याबाई होलकर को श्रद्धांजलि अर्पित करने का अवसर बना, बल्कि महिला सशक्तिकरण और सांस्कृतिक पुनरुत्थान की दिशा में एक प्रेरणास्पद पहल भी सिद्ध हुआ।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।