100 दिन की जवाबदेही: CM रेखा गुप्ता ने पेश की ‘वर्क बुक’, हर घर तक पहुंचेगी विकास की कहानी
टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली (30 मई, 2025): दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को अपनी सरकार के 100 दिनों के कार्यकाल का लेखा-जोखा जनता के सामने प्रस्तुत किया। “काम करने वाली सरकार, 100 दिन सेवा के” थीम पर आधारित इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री ने साफ शब्दों में कहा कि सरकार का उद्देश्य दिखावा नहीं, बल्कि जनसेवा के संकल्प को साकार करना है।
मुख्यमंत्री ने कहा, “हम ये दावा नहीं करते कि हमने सब कुछ बदल दिया, लेकिन छोटे-छोटे कदमों से हम लगातार आगे बढ़ रहे हैं। यह सफर विकास की दिशा में निरंतर प्रयासों का परिचायक है।”
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने एक विशेष “वर्क बुक” जारी की, जिसमें सरकार द्वारा 100 दिनों में किए गए कार्यों, योजनाओं और उपलब्धियों का विस्तृत विवरण दिया गया है। यह वर्क बुक अब दिल्ली के हर घर तक पहुंचाई जाएगी ताकि जनता स्वयं देख सके कि सरकार कैसे कार्य कर रही है और किस तरह से दिल्ली को एक विकसित राजधानी के रूप में आगे बढ़ाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि राजधानी के हर विधानसभा क्षेत्र और वार्ड में विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जहां विधायक और मंत्री अपने क्षेत्र में किए गए कार्यों का ब्यौरा सीधे जनता को देंगे। यह पहल सरकार की पारदर्शिता और जवाबदेही को दर्शाती है।
केंद्र सरकार के साथ समन्वय पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने अप्रत्यक्ष रूप से पूर्ववर्ती सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “अरबों रुपये के शीशमहल में बैठकर, करोड़ों के पर्दों के पीछे भ्रष्टाचार होता था। आज दिल्ली को जनहित की सरकार मिली है, जो जनता के बीच, जनता के लिए काम कर रही है।”
मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि यह रिपोर्ट केवल आंकड़ों की ब्रीफिंग नहीं है, बल्कि यह “विकसित दिल्ली” के संकल्प का पहला अध्याय है। आने वाले दिनों में यह प्रयास और तेज़ होगा, और दिल्ली के विकास की रफ्तार और भी बढ़ेगी।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।