ग्रेटर नोएडा (30 मई 2025): दनकौर रेलवे स्टेशन से एक बुजुर्ग व्यक्ति के लापता होने का मामला सामने आया है। सरकपुर गांव निवासी 75 वर्षीय दाताराम 24 मई को गाजियाबाद जाने के लिए घर से निकले थे, लेकिन वे न तो गंतव्य पर पहुंचे और न ही वापस अपने घर लौटे।
दाताराम के बेटे रामकुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि उन्होंने स्वयं अपने पिता को दनकौर रेलवे स्टेशन तक छोड़कर ट्रेन में बैठाया था। लेकिन इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चला। परिजन उन्हें आसपास के इलाकों, अस्पतालों और रिश्तेदारों के यहां तलाशते रहे, लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं लगा।
घटना के सात दिन बीत जाने के बाद रामकुमार ने शुक्रवार को दनकौर कोतवाली में अपने पिता की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनके पिता मानसिक रूप से पूरी तरह स्वस्थ हैं और पहले कभी इस तरह से घर से नहीं गए थे।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दनकौर कोतवाली प्रभारी ने बताया कि स्टेशन के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और रेलवे स्टेशन के स्टाफ से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने आश्वस्त किया है कि जल्द ही लापता बुजुर्ग का पता लगा लिया जाएगा।
परिजन अब भी दाताराम की सलामती की दुआ कर रहे हैं और किसी भी सूचना के लिए स्थानीय लोगों से संपर्क करने की अपील कर रहे हैं। अगर किसी को इस बुजुर्ग व्यक्ति के बारे में जानकारी मिले तो वे दनकौर कोतवाली या परिवार से संपर्क करें।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।