IMF की रैंकिंग पर अवध ओझा का तंज: ‘चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था’ सिर्फ एक तथ्यात्मक मजाक!
टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली (29 मई 2025): इंटरनेशनल मोनेटरी फंड (IMF) द्वारा भारत को दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में प्रोजेक्ट किए जाने की घोषणा जहां एक ओर केंद्र सरकार के लिए बड़ी उपलब्धि के रूप में देखी जा रही है, वहीं दूसरी ओर इस पर तीखी प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही हैं। आम आदमी पार्टी से जुड़े और यूपीएससी के प्रसिद्ध शिक्षक अवध ओझा ने इस प्रोजेक्शन को सिरे से खारिज करते हुए तीखी आलोचना की है। ओझा का कहना है कि यह सब भारत की जनता के साथ एक तथ्यात्मक मज़ाक है, और ऐसी घोषणाएं लोकतंत्र के नाम पर जनता की बुद्धिमत्ता का अपमान करती हैं।
प्रेस वार्ता के दौरान अपने बयान में ओझा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि ऐसा प्रतीत होता है जैसे प्रधानमंत्री जनता को इशारों में कह रहे हों कि “हमसे नहीं संभल रहा, अब हम नहीं संभाल पाएंगे।” उन्होंने सवाल उठाया कि जब देश की 80% जनता शिक्षित है और शिक्षा दर लगातार बढ़ रही है, तो फिर ऐसी जनता के साथ तथ्यों के नाम पर यह मजाक क्यों किया जा रहा है? उनका मानना है कि सरकार केवल बड़े-बड़े दावों और अंतरराष्ट्रीय संस्थानों के हवाले से अपनी छवि को चमकाने का काम कर रही है, जबकि ज़मीनी सच्चाई कुछ और ही है।
ओझा ने IMF की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि यह संस्था कोई डेटा एजेंसी नहीं है, तो फिर यह किस आधार पर भारत को चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बता रही है? उन्होंने यह भी कहा कि IMF जैसी संस्थाओं की ऐसी घोषणाएं दरअसल जनता को गुमराह करने का तरीका बन चुकी हैं। उन्होंने भारत की जनता से अपील की कि वे इन तथाकथित उपलब्धियों का कठोरता से विश्लेषण करें और तथ्यों की तह तक जाकर निर्णय लें। ओझा के बयान ने इस विषय को लेकर एक नई बहस को जन्म दे दिया है कि क्या अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं की घोषणाएं वास्तव में विकास का संकेत होती हैं, या केवल राजनीतिक लाभ के उपकरण।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।