लेखपाल द्वारा किसान के साथ मारपीट के विरोध में भड़का आक्रोश, तहसील पर किसान संगठनों का जोरदार धरना प्रदर्शन

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा,(28 मई 2025): पाली गांव के किसानों के साथ सदर तहसील के पटवारी और कानूनगो द्वारा की गई मारपीट और बदसलूकी के विरोध में आज अखिल भारतीय किसान सभा और अन्य किसान संगठनों ने जोरदार प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन ग्रेटर नोएडा की सदर तहसील पर किया गया, जिसमें पाली गांव के दर्जनों किसान और किसान संगठनों के नेता भारी संख्या में शामिल हुए।

धरना प्रदर्शन की अगुवाई किसान सभा के जिला अध्यक्ष डॉ. रूपेश वर्मा, संयोजक वीर सिंह नागर, किसान नेता सुशांत भाटी, प्रशांत भाटी और बाबा संतराम ने की। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

किसानों को संबोधित करते हुए संयोजक वीर सिंह नागर ने कहा कि तहसील और जिले के अधिकांश सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार चरम पर है। रिश्वत देने से इनकार करने पर किसानों को खुलेआम पीटा जा रहा है, जो बेहद शर्मनाक और निंदनीय है। यह किसानों की अस्मिता और सम्मान पर हमला है, जिसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

किसान सभा के जिला अध्यक्ष डॉ. रूपेश वर्मा ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि दोषी पटवारी और कानूनगो के खिलाफ तत्काल FIR दर्ज कर उन्हें जेल भेजा जाए, साथ ही विभागीय जांच कर उन्हें निलंबित व बर्खास्त किया जाए। यदि प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो किसान संगठन व्यापक आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।

प्रदर्शन के बाद किसानों के एक प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम सदर से मुलाकात की।अधिकारियों ने कार्रवाई के लिए चार दिन का समय मांगा है, जबकि पुलिस प्रशासन ने एक दिन की मोहलत ली है। सभी किसान संगठनों ने स्पष्ट कर दिया है कि अगर तय समय सीमा के भीतर संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई, तो बड़ा आंदोलन छेड़ा जाएगा। किसानों की एकता और संघर्ष ने यह संदेश साफ कर दिया है कि वे अन्याय के खिलाफ एकजुट हैं और सम्मान की लड़ाई में किसी भी हद तक जाने को तैयार हैं।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।