नहर में डूबे युवक का शव चार दिन बाद मिला, 60 किमी दूर अलीगढ़ के रजवाहे में बरामद

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (28 मई 2025): जेवर क्षेत्र में बीते शुक्रवार को नहर में डूबे एक युवक का शव चार दिन की तलाश के बाद अलीगढ़ जिले के इगलास क्षेत्र में बरामद किया गया। मृतक की पहचान 30 वर्षीय बृजेश के रूप में हुई है, जो गांव दस्तमपुर का निवासी था। घटना शुक्रवार दोपहर की है, जब बृजेश अपने तीन साथियों के साथ परोरी नहर में नहाने गया था। इस दौरान नहर में पानी का बहाव अत्यंत तेज था। नहाते समय बृजेश संतुलन खो बैठा और पानी के तेज प्रवाह में बह गया। उसके साथ मौजूद दोस्तों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू कर दिया गया। अगले दिन शनिवार से राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) और गोताखोरों की टीम भी सर्च ऑपरेशन में शामिल हो गई। चार दिनों तक लगातार चले इस तलाशी अभियान के बाद मंगलवार रात को बृजेश का शव अलीगढ़ जिले के इगलास क्षेत्र में स्थित एक रजवाहे में मिला। बताया जा रहा है कि शव नहर के तेज बहाव में बहकर लगभग 60 किलोमीटर दूर पहुंच गया था।

जेवर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील भारद्वाज ने जानकारी दी कि शव को बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया, जिसके बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल मृतक के परिवार की ओर से किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस ने मामले को दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना मानते हुए फाइनल रिपोर्ट तैयार कर ली है। स्थानीय ग्रामीणों ने घटना पर शोक जताया है और प्रशासन से मांग की है कि नहरों में नहाने पर रोक संबंधी चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।