“दिल्ली बीजेपी के 14 जिलाध्यक्षों की सूची में एक भी पूर्वांचली नहीं”, AAP के पूर्व विधायक का हमला!

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (27 मई 2025): दिल्ली के किराड़ी से पूर्व विधायक और आम आदमी पार्टी के नेता ऋतुराज झा ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया है कि बीजेपी लगातार पूर्वांचलियों के साथ भेदभाव कर रही है। इसका ताजा उदाहरण पार्टी की ओर से जारी नई जिलाध्यक्षों की सूची है, जिसमें एक भी पद किसी पूर्वांचली नेता को नहीं दिया गया है। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने यह प्रमाणित कर दिया है कि वह पूर्वांचल के लोगों को हीन दृष्टि से देखती है।

26 मई को भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली के 14 जिलों के लिए नए जिलाध्यक्षों की नियुक्ति की। इन नियुक्तियों में शाहदरा से दीपक गाबा, मयूर विहार से विजेंद्र धामा, चांदनी चौक से अरविंद गर्ग और करोल बाग से बिरेंद्र बब्बर शामिल हैं। वहीं महरौली से रवींद्र सोलंकी, नवीन शाहदरा से मास्टर विनोद, उत्तर पूर्व दिल्ली से यूके चौधरी और केशवपुरम से अजय खटाना को जिम्मेदारी सौंपी गई है। लेकिन इस पूरी सूची में एक भी पूर्वांचल से आने वाला चेहरा नहीं है।ऋतुराज झा ने कहा कि दिल्ली में बड़ी संख्या में पूर्वांचल के लोग रहते हैं और उन्होंने हमेशा बीजेपी को समर्थन भी दिया है। इसके बावजूद पार्टी उन्हें प्रतिनिधित्व देने से कतराती है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने अपने जिलाध्यक्षों की नियुक्ति में सभी क्षेत्रों और समुदायों को प्रतिनिधित्व दिया है। उन्होंने बीजेपी से सवाल किया कि क्या पूर्वांचली नेता पार्टी के लिए अयोग्य हैं या फिर जानबूझकर उन्हें दरकिनार किया गया है?

पूर्व विधायक ने यह भी आरोप लगाया कि बीजेपी की यह नीति केवल दिल्ली तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे देश में वह पूर्वांचलियों को सत्ता से दूर रखने की कोशिश करती रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बीजेपी ने अपनी सोच में बदलाव नहीं किया तो पूर्वांचल के लोग इसका जवाब आने वाले चुनावों में देंगे। उन्होंने कहा कि दिल्ली की राजनीति में पूर्वांचल अब केवल मतदाता नहीं, निर्णायक शक्ति बन चुका है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।