ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण: स्वच्छता रैंकिंग प्रतियोगिता से बढ़ेगी जागरूकता, विजेताओं को मिलेंगे पुरस्कार

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (16 दिसंबर 2024): ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से एक अनोखी पहल शुरू की है। इसके तहत बल्क वेस्ट जनरेटरों के लिए स्वच्छता रैंकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता का लक्ष्य ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2016 के अनुपालन को बढ़ावा देना और संस्थानों व सोसाइटियों को स्वच्छता में योगदान देने के लिए प्रेरित करना है।

यह प्रतियोगिता दो श्रेणियों—रिहायशी और गैर-रिहायशी—में आयोजित की जाएगी। प्रतिभागियों को उनके स्वच्छता प्रयासों के आधार पर रैंकिंग दी जाएगी। रैंकिंग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को 1 लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। वहीं, दूसरे और तीसरे स्थान पर आने वालों को क्रमशः 75,000 रुपये और 50,000 रुपये की धनराशि से सम्मानित किया जाएगा।

प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए सोसाइटियां, शैक्षणिक संस्थान और औद्योगिक इकाइयां योग्य हैं। ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों के अनुसार, बल्क वेस्ट जनरेटरों को कचरे के निस्तारण की जिम्मेदारी स्वयं उठानी होती है। इस पहल के माध्यम से प्राधिकरण ने इन जनरेटरों को जागरूक और जिम्मेदार बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के नेतृत्व में शुरू की गई यह योजना स्वच्छता के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने का प्रयास है। प्रतियोगिता के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन में सुधार की उम्मीद की जा रही है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की इस पहल को एक सकारात्मक कदम के रूप में देखा जा रहा है, जो न केवल स्वच्छता को प्रोत्साहित करेगा, बल्कि समाज में स्वच्छता के महत्व को लेकर एक नई सोच विकसित करेगा।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल’ को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।