सोशल मीडिया पर सुसाइड पोस्ट, नोएडा पुलिस ने समय रहते बचाई जान

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नोएडा (21 मई 2025): थाना फेस-2 नोएडा की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई ने एक युवती की जान बचा ली। युवती ने इंस्टाग्राम पर आत्महत्या की चेतावनी देने वाली पोस्ट के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाई और समय रहते उसे ट्रेस कर मौके पर पहुंचकर उसकी जान बचाई। रेस्क्यू टीम को 25,000 का पुरस्कार दिया जाएगा।

पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि 21 मई को एक युवती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर मेट्रो के सामने कूदकर आत्महत्या करने का संकेत देते हुए एक स्टोरी पोस्ट की। पोस्ट की जानकारी मिलते ही थाना फेस-2 पुलिस ने तत्काल हरकत में आते हुए युवती को सोशल मीडिया के माध्यम से ट्रेस किया। उसके घर पहुंचकर परिजनों से संपर्क किया। पुलिस ने मौके पर युवती की काउंसलिंग कराई।

काउंसलिंग के दौरान युवती ने बताया कि दिन में कुछ व्यक्तिगत परेशानियों के चलते उसने ऐसा कदम उठाया था। उसने आश्वासन दिया कि भविष्य में ऐसा कोई प्रयास नहीं किया जाएगा।

प्रशंसा और पुरस्कार:

घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त, सेन्ट्रल नोएडा ने समय पर कार्रवाई करने वाली रेस्क्यू टीम को ₹25,000 के पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है। यह कदम पुलिस टीम की सजगता और संवेदनशीलता का प्रतीक माना जा रहा है।

पुलिस का संदेश:

पुलिस विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि मानसिक तनाव या परेशानियों की स्थिति में परिवार, मित्र या परामर्शदाताओं से संपर्क करें, न कि कोई गंभीर कदम उठाएं। साथ ही, सोशल मीडिया पर इस तरह की पोस्ट को हल्के में न लें और ऐसी किसी भी सूचना पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।