Dasnac सोसायटी में लिफ्ट हादसा: दो बच्चों के फंसने के बाद मचा हंगामा!

टेन न्यूज नेटवर्क

नोएडा (22 मई, 2025): सेक्टर 76 स्थित Dasnac The Jewel सोसाइटी में शनिवार को हुए लिफ्ट हादसे के बाद रविवार देर रात हालात बेकाबू हो गए। लिफ्ट में दो मासूम बच्चों के फंसने और कथित तौर पर लिफ्ट के “फ्री फॉल” हो जाने की घटना से सोसाइटी के निवासी गुस्से में हैं। नाराज़ लोगों ने मेन गेट पर देर रात जमकर प्रदर्शन किया और बिल्डर के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शनकारी निवासियों का कहना है कि लिफ्ट में बार-बार खराबी की शिकायतें दी गई थीं, लेकिन बिल्डर और मेंटेनेंस टीम ने उन्हें गंभीरता से नहीं लिया। हादसे के बाद जब शिकायत दर्ज कराई गई, तो मेंटेनेंस स्टाफ ने काम बंद कर हड़ताल कर दी, जिससे सुरक्षा और सुविधाओं की पूरी व्यवस्था चरमरा गई।

रविवार रात आए तेज़ तूफान और बारिश के चलते बिजली गुल हो गई, लेकिन कोई बैकअप इंतज़ाम नहीं था। दो घंटे तक अंधेरे में फंसे लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। स्थिति तब और बिगड़ गई जब आधी रात को लोग अपने परिवारों के साथ सड़क पर उतर आए।

निवासियों ने बिल्डर पर जानबूझकर उपेक्षा, लापरवाही और मानसिक उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि लाखों रुपये देकर फ्लैट खरीदने के बाद भी उन्हें मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से तुरंत हस्तक्षेप कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

सूचना मिलते ही थाना 113 की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया। फिलहाल हालात तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में हैं। सोसाइटी के निवासी अब किसी ठोस कार्रवाई के इंतज़ार में हैं।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।