नई दिल्ली (21 मई 2025): आम आदमी पार्टी के छात्र संगठन विंग ASAP के छात्र नेता दीपक बंसल ने घोषणा की है कि संगठन आने वाले समय में छात्रों के लिए एक हेल्पलाइन नंबर जारी करने जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य ASAP को सिर्फ छात्र राजनीति तक सीमित न रखते हुए उसे एक व्यापक सामाजिक आंदोलन का रूप देना है। दीपक ने बताया कि संगठन के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के विजन के तहत ASAP छात्रों की समस्याओं को सुनने, समझने और समाधान की दिशा में कदम उठाने के लिए सीधे संवाद को प्राथमिकता देगा।
दीपक बंसल ने कहा कि ASAP उन संस्थानों में भी अपनी सक्रियता बढ़ाएगा जहां पर छात्रों के चुनाव नहीं होते। ऐसे स्थानों पर ASAP विभिन्न सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से छात्रों को जोड़ने का कार्य करेगा। संगठन का लक्ष्य है कि हर छात्र को एक ऐसा मंच प्रदान किया जाए, जहां वह अपनी बात खुलकर रख सके और लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जुड़ सके। ASAP यह संदेश देना चाहता है कि छात्र राजनीति सिर्फ चुनाव तक सीमित न होकर समाज में परिवर्तन का माध्यम भी बन सकती है।
आने वाले महीनों में ASAP दिल्ली के सभी जिलों में 12वीं कक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित करने का कार्य भी आरंभ करेगा। ASAP का मानना है कि छात्रों की मेहनत और उपलब्धियों को समाज के सामने लाकर उन्हें प्रेरित किया जाना चाहिए। इसके साथ ही ASAP दिल्ली की प्रमुख यूनिवर्सिटियों जैसे जामिया मिलिया इस्लामिया, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय और इंद्रप्रस्थ आईटी यूनिवर्सिटी में अपनी इकाइयों का विस्तार कर उन्हें मजबूत करने की दिशा में भी काम करेगा।
दीपक बंसल ने देशभर के छात्र नेताओं और छात्रों से आह्वान किया कि वे ASAP के साथ जुड़ें और वैकल्पिक राजनीति के माध्यम से देश में बदलाव लाने का हिस्सा बनें। उन्होंने कहा कि ASAP का फोकस केवल पॉलिटिक्स तक सीमित नहीं, बल्कि शिक्षा सुधार की दिशा में छात्रों को जोड़ने और दिल्ली सहित पूरे देश में एजुकेशन सिस्टम में बदलाव लाने की दिशा में भी है। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे शिक्षा और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के इस आंदोलन का हिस्सा बनें।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।