AIMIM नेता शोएब जमई का बड़ा बयान: “हमारे लोगों की जान की परवाह नहीं करेगा, तो हम भी चुप नहीं बैठेंगे”

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (19 मई 2025): दिल्ली एआईएमआईएम के अध्यक्ष डॉ. शोएब जमई ने पहलगाम आतंकी हमले और उसके जवाब में भारतीय सेना द्वारा चलाए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर रविवार, 18 मई को एक कड़ा और स्पष्ट बयान दिया। उन्होंने कहा कि चाहे देश के भीतर राजनीतिक मतभेद कितने भी क्यों न हों, लेकिन जब बात देश की सुरक्षा और नागरिकों की जान की आएगी, तो वे एक मज़बूत आवाज़ बनकर खड़े रहेंगे। उनका यह बयान ऐसे समय में आया है जब भारत और पाकिस्तान के बीच सीमा पर तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के जरिए भारतीय सेना ने पाकिस्तान को स्पष्ट संदेश दिया है।

डॉ. जमई ने कहा, “अगर कोई हमारे लोगों की जान की परवाह नहीं करेगा, तो हम भी उसका मुंहतोड़ जवाब देंगे। यह हमारा तालीम है, हमारी विचारधारा है। देश के हर दुश्मन के खिलाफ हम हमेशा खड़े रहेंगे, चाहे वो बाहरी हो या आंतरिक। हमने सियासी मंचों पर विरोध जरूर किया है, लेकिन जब बात भारत की अखंडता की आती है, तो हम हर मतभेद भुला कर देश के साथ खड़े होते हैं।”

उन्होंने भारत-पाकिस्तान के बीच चल रहे तनाव को लेकर भी अपनी राय दी। उनका कहना था, “भारत और पाकिस्तान के बीच जो तनाव है, उसका मजहब से कोई लेना-देना नहीं है। यह राष्ट्रीय सुरक्षा का मामला है। हमारे मजहब ने हमें सिखाया है कि वतन से वफादारी सबसे ऊपर है। पाकिस्तान के हुक्मरानों को सोचना चाहिए कि जब वे पुंछ और एलओसी पर गोलीबारी करते हैं, तो क्या वहां मुसलमानों की जान नहीं जाती? उस वक़्त उनकी कौमियत कहां चली जाती है?” शोएब जमई ने पाकिस्तान के भीतर हो रहे मानवाधिकार उल्लंघनों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के शासक बलूचिस्तान और पीओके में अपने ही लोगों पर अत्याचार कर रहे हैं, और वहां की सेना लगातार झूठ और फरेब का सहारा ले रही है। उन्होंने साफ कहा, “हम अपने देश भारत के साथ हैं और हमेशा रहेंगे। पाकिस्तान की सियासत और उसकी सेना ने सिर्फ नफरत फैलाने का काम किया है, और अब भारत उसका जवाब उसी भाषा में दे रहा है।”

गौरतलब है कि 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना ने जवाबी कार्रवाई करते हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को अंजाम दिया था। इस अभियान में भारतीय सेना ने पाकिस्तान और पीओके में मौजूद आतंकवादी अड्डों और सैन्य ठिकानों को निशाना बनाते हुए एयर स्ट्राइक की। चार दिन तक चले इस ऑपरेशन के बाद भारत ने सीजफायर की घोषणा की, जिसे अब तक बरकरार रखा गया है। डॉ. शोएब जमई के इस बयान को राजनीतिक गलियारों में खासा गंभीरता से लिया जा रहा है, क्योंकि AIMIM को आमतौर पर विपक्षी सियासी धारा के रूप में देखा जाता है। लेकिन इस बयान ने यह स्पष्ट कर दिया है कि जब बात देश की संप्रभुता की हो, तो पार्टी लाइनें भी पीछे छूट जाती हैं।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।