रेलवे अधिकारी से 56 लाख की ठगी, पुलिस ने 13 लाख की रकम फ्रिज की

टेन न्यूज नेटवर्क

नोएडा (15 दिसंबर 2024): नोएडा में एक बड़े साइबर ठगी के मामले में पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए 13 लाख रुपये की रकम को फ्रीज कर लिया है। यह मामला एक रेलवे अधिकारी से 56 लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी का है। पीड़ित अधिकारी ने शुक्रवार को मामले की शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की और शेष रकम फ्रीज करने की प्रक्रिया भी जारी है।

पीड़ित अधिकारी, 56 वर्षीय अनिल रैना, मूल रूप से जम्मू-कश्मीर के निवासी हैं और वर्तमान में नोएडा में रहते हैं। उन्होंने साइबर थाना पुलिस को बताया कि हाल ही में उनकी बातचीत एक व्यक्ति से हुई थी, जिसने उन्हें स्टॉक मार्केट और ट्रेडिंग में बड़ा मुनाफा कमाने का लालच दिया। उस व्यक्ति ने अनिल रैना को अपनी रकम निवेश करने के लिए प्रेरित किया। अनिल रैना ने इस झांसे में आकर बड़ी रकम निवेश कर दी, लेकिन कोई मुनाफा नहीं मिला। जब उन्होंने और पैसे लगाने से इनकार किया, तो उन्हें अहसास हुआ कि वे साइबर जालसाजों के शिकार हो गए हैं।

ठगी की शिकायत मिलने पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। मामले में अज्ञात जालसाजों के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। शुरुआती जांच में पुलिस ने 13 लाख रुपये की रकम को फ्रीज कर लिया। इसके अलावा, उन खातों की गहराई से जांच की जा रही है, जिनमें ठगी की रकम ट्रांसफर की गई थी।

पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने और उन्हें पकड़ने की कोशिश में जुटी हुई है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि शेष रकम को भी जल्द फ्रीज किया जाएगा और दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा। इस घटना ने एक बार फिर साइबर अपराधों की बढ़ती घटनाओं और उनसे बचाव की आवश्यकता पर ध्यान केंद्रित किया है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल’ को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।