हरित नोएडा बनाने को लेकर नई पहल, डीएम मनीष कुमार वर्मा ने की समीक्षा बैठक
टेन न्यूज नेटवर्क
गौतम बुद्ध नगर, (14 मई 2025): जिले में पर्यावरण संरक्षण और आगामी वृक्षारोपण अभियान को लेकर डीएम मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में वन विभाग, उद्यान विभाग, शिक्षा विभाग, नगर निकायों, प्राधिकरणों और पर्यावरण विशेषज्ञों ने भाग लिया।
डीएम ने स्पष्ट किया कि वृक्षारोपण अभियान को केवल सरकारी कार्यक्रम न बनाकर जन आंदोलन का स्वरूप दिया जाए। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि लक्ष्य के अनुसार वृक्षारोपण स्थलों का चयन कर गड्ढा खुदाई का कार्य शीघ्र पूरा करें। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में वृक्षारोपण समितियों का गठन कर अधिक से अधिक जनसहभागिता सुनिश्चित की जाए।

बैठक में उन्होंने निर्देशित किया कि स्कूली बच्चों की भी इस अभियान में भागीदारी हो, ताकि वे पर्यावरण संरक्षण को व्यवहारिक रूप से समझ सकें। ओवरलोडिंग और बिना ढके निर्माण सामग्री के परिवहन पर सख्ती से रोक लगाने, कूड़ा जलाने की घटनाओं पर कार्रवाई करने तथा वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए सभी संबंधित विभागों को संयुक्त अभियान चलाने के निर्देश दिए।
गंगा समिति और वेटलैंड समिति की समीक्षा करते हुए डीएम ने यमुना व हिंडन नदी के किनारे हो रहे अवैध निर्माण को रोकने, डूब क्षेत्र में चेतावनी बोर्ड लगाने, और फाईटोरेमेडियेशन तकनीक से ड्रेन्स के उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। तालाबों के पुनर्जीवन और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में भी तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

इस बैठक में डीएफओ प्रमोद कुमार श्रीवास्तव, यूपीपीसीबी नोएडा के अधिकारी, प्राधिकरणों के वरिष्ठ प्रतिनिधि एवं अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। पर्यावरण को बचाने की इस पहल में अब पूरा नोएडा एकजुट होकर हरियाली की नई कहानी लिखने को तैयार है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।