ग्रेटर नोएडा में ऑटो रिक्शा से कुत्ते को घसीटा, वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने आरोपी को दबोचा
टेन न्यूज नेटवर्क
ग्रेटर नोएडा (12 मई 2025): ग्रेटर नोएडा से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जिसने हर संवेदनशील व्यक्ति को झकझोर कर रख दिया है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें एक ऑटो रिक्शा चालक अपनी गाड़ी से एक बेजुबान कुत्ते को रस्सी से बांधकर बेरहमी से घसीटते हुए दिखाई दे रहा है। यह दर्दनाक घटना 11 मई की रात की बताई जा रही है।
वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि सड़क पर दौड़ते ऑटोरिक्शा के पीछे कुत्ता बंधा हुआ था और अपनी जान बचाने के लिए रिक्शे की गति से कदम मिलाने की कोशिश कर रहा था। जब वह थक कर गिर पड़ा तो उसे बेरहमी से घसीटा जाने लगा, जिससे उसके शरीर पर गंभीर चोटें आईं। इस अमानवीय कृत्य को देखकर सोशल मीडिया यूजर्स में आक्रोश फैल गया और उन्होंने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
लोगों की शिकायत और वायरल वीडियो के आधार पर कासना पुलिस स्टेशन ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी ऑटो रिक्शा चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
यह मामला एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करता है कि इंसानियत और करुणा को बनाए रखने के लिए कड़े कानूनों के साथ-साथ समाज में भी जागरूकता फैलाने की जरूरत है। बेजुबानों पर हो रहे अत्याचारों के खिलाफ अब आवाज उठाना समय की मांग बन गई है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।