बिरौंडा गांव के 30 किसानों को मिला आबादी भूखंड, सालों पुरानी मांग हुई पूरी
टेन न्यूज नेटवर्क
ग्रेटर नोएडा (10 मई 2025): ग्रेटर नोएडा के बिरौंडा गांव के किसानों के लिए शुक्रवार का दिन बड़ी राहत और खुशखबरी लेकर आया, जब लंबे समय से लंबित छह फीसदी आबादी भूखंड की मांग पूरी हो गई। गांव के 30 किसानों को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की ओर से आवासीय भूखंडों का आवंटन पत्र सौंपा गया। यह वितरण जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सुनील कुमार सिंह की मौजूदगी में किया गया।
भूखंड आवंटन की प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ की गई, जिसकी वीडियो ग्राफी भी कराई गई। यह भूखंड उस भूमि के बदले दिए गए हैं, जो पहले अधिग्रहित की गई थी और जिनका मुआवजा छह फीसदी आबादी भूखंड के रूप में किसानों को दिया जाना था। वर्षों से किसान इस इंतजार में थे और उन्होंने हाल ही में प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार से भी इस संबंध में गुहार लगाई थी।

सीईओ के निर्देश पर विभाग ने तेजी से कार्रवाई की और नियोजन विभाग द्वारा भूखंडों का नियोजन पूरा होते ही शुक्रवार को आवंटन पत्र जारी कर दिए गए। किसानों ने इस फैसले पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्राधिकरण का आभार जताया।
इस अवसर पर विधायक धीरेंद्र सिंह ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की पारदर्शी व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि सरकार किसानों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। प्राधिकरण के एसीईओ सुनील कुमार सिंह ने बताया कि जल्द ही सभी किसानों को आवंटन पत्र प्रदान कर दिए जाएंगे, जिसके बाद तय समयसीमा में लीज डीड की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान प्राधिकरण के प्रबंधक प्रमोद, संदीप रावल समेत अन्य अधिकारी और ग्रामीण भी मौजूद रहे। यह पहल ग्रामीणों के वर्षों पुराने इंतजार का सुखद अंत साबित हुई है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।