भारत-पाक तनाव के बीच गौतमबुद्ध नगर अलर्ट मोड पर, जिलाधिकारी ने दिए सख्त निर्देश

टेन न्यूज नेटवर्क

गौतमबुद्ध नगर, (09 मई 2025): भारत और पाकिस्तान के बीच सीमा पर बढ़े तनाव के मद्देनज़र गौतमबुद्ध नगर प्रशासन ने आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए कमर कस ली है। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में एक उच्चस्तरीय आपात बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें पुलिस, प्रशासन, स्वास्थ्य, सुरक्षा एजेंसियां, विद्युत, अग्निशमन विभाग के साथ-साथ आरडब्ल्यूए और उद्यमी संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी विभागों से कहा कि किसी भी स्थिति में घबराने की बजाय आपसी समन्वय बनाए रखें और अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने खासतौर पर भ्रामक संदेशों और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की और स्पष्ट किया कि ब्लैकआउट, स्कूल बंद करने या अन्य जरूरी दिशा-निर्देशों की जानकारी केवल जिला प्रशासन की ओर से आधिकारिक रूप से जारी की जाएगी।

जिलाधिकारी ने सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुपों पर अफवाह फैलाने वालों को चेताते हुए कहा कि ऐसी गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि एक कंट्रोल रूम स्थापित कर टोल फ्री नंबर जारी किया जाए, जिससे आम नागरिक किसी भी संदेश की पुष्टि कर सकें।

जॉइंट पुलिस कमिश्नर राजीव नारायण मिश्र ने बैठक में कहा कि आरडब्ल्यूए पदाधिकारी अपनी सोसाइटियों में लिफ्ट के विद्युत कनेक्शन को पृथक करें ताकि ब्लैकआउट की स्थिति में भी लिफ्ट काम करती रहे और कोई व्यक्ति उसमें न फंसे। साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कहीं पुलिस या सेना की मूवमेंट दिखाई दे तो उसकी वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा न करें, क्योंकि यह राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा मामला है।

बैठक में निर्णय लिया गया कि सभी स्कूलों के प्रधानाचार्यों को पत्र भेजा जाएगा, ताकि वे बच्चों के माध्यम से अभिभावकों को जागरूक करें कि स्कूल बंदी या अन्य अफवाहों पर ध्यान न दें। जरूरत पड़ने पर इस संबंध में भी आदेश केवल प्रशासन द्वारा जारी किए जाएंगे।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विद्यानाथ शुक्ला, अपर जिलाधिकारी अतुल कुमार, डीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी, नगर मजिस्ट्रेट विवेकानंद मिश्रा, उपायुक्त उद्योग अनिल कुमार, सीएमओ डॉ. नरेंद्र कुमार, मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. धर्मवीर सिंह, एआरटीओ सियाराम वर्मा, डिप्टी रजिस्ट्रार ऋषभ अग्रवाल, आपदा विशेषज्ञ ओमकार चतुर्वेदी, तथा सीआरपीएफ, सीआईएसएफ, एनडीआरएफ, आईटीबीपी के अधिकारी मौजूद रहे।

जिला प्रशासन ने जनता से शांति बनाए रखने, केवल आधिकारिक सूचना पर विश्वास करने और अफवाहों से बचने की अपील की है। साथ ही कहा गया है कि किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना तत्काल पुलिस को दी जाए, ताकि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनी रहे।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।