दिल्ली भाजपा ने उपराज्यपाल को सौंपा ज्ञापन, आप सरकार पर कृत्रिम जल संकट थोपने का आरोप

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली, (6 मई 2025): दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा के नेतृत्व में दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी, रामवीर सिंह बिधूड़ी, योगेन्द्र चांदोलिया, कमलजीत सहरावत, प्रवीन खंडेलवाल और बाँसुरी स्वराज ने आज उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना से मुलाकात कर दिल्ली में उत्पन्न हो रहे जल संकट को लेकर एक ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि आम आदमी पार्टी की पंजाब सरकार ने राजनीतिक स्वार्थों की पूर्ति के लिए भाखड़ा नहर से जल आपूर्ति में कटौती कर दिल्ली पर कृत्रिम जल संकट थोपने का कार्य किया है।

भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने अपने ज्ञापन में स्पष्ट किया कि भाखड़ा डैम नहर में जल की कोई कमी नहीं है, इसके बावजूद जानबूझकर जल आपूर्ति को बाधित किया जा रहा है, जिससे दिल्ली के लोगों को गंभीर संकट का सामना करना पड़ रहा है। भाजपा नेताओं ने कहा कि दिल्ली अपनी जल आपूर्ति का 50 प्रतिशत से अधिक हिस्सा हरियाणा राज्य से प्राप्त करती है, और यह स्थिति तब और अधिक चिंताजनक हो जाती है जब बिना किसी वास्तविक आवश्यकता के पानी की आपूर्ति रोकी जाती है।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि आम आदमी पार्टी की पंजाब सरकार द्वारा यह कदम उस समय उठाया गया है जब दिल्ली में पार्टी सत्ता से बाहर होती जा रही है, और यह संकट आम जनता में अस्थिरता फैलाने का एक सुनियोजित राजनीतिक षड्यंत्र प्रतीत होता है। भाजपा नेताओं ने उपराज्यपाल से अपील की कि वे इस मुद्दे पर तत्काल हस्तक्षेप करें और सुनिश्चित करें कि दिल्ली को जल संकट से बचाया जाए।

भाजपा ने मांग की कि उपराज्यपाल केंद्र सरकार से समन्वय स्थापित कर आवश्यक कदम उठाएं ताकि दिल्ली की जल आपूर्ति सामान्य हो सके और आम जनता को राहत मिल सके।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।