New Delhi News (23 November 2026): जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) में पीएचडी दाखिले के दौरान आरक्षण नियमों के कथित उल्लंघन का मामला सामने आया है। राज्यसभा सांसद संजय यादव ने विश्वविद्यालय में आरक्षण व्यवस्था के अनुपालन पर सवाल उठाते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पत्र लिखा है। उन्होंने मामले में हस्तक्षेप कर निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
सांसद ने अपने पत्र में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के पीएचडी दाखिले में अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST), अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) और दिव्यांगजन (PwBD) के लिए निर्धारित आरक्षण नियमों के पालन को लेकर गंभीर चिंता जताई है।
पत्र के मुताबिक, JNU की पीएचडी प्रवेश विवरणिका में अनुसूचित जनजाति के लिए 7.5 प्रतिशत, अनुसूचित जाति के लिए 15 प्रतिशत और अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 27 प्रतिशत आरक्षण निर्धारित है। इसके बावजूद विश्वविद्यालय की ओर से जारी सीट मैट्रिक्स में कुल 711 सीटों में से ST वर्ग के लिए केवल 38 सीटें दर्शाई गई हैं, जो कुल सीटों का लगभग 5.3 प्रतिशत है। सांसद का कहना है कि निर्धारित 7.5 प्रतिशत आरक्षण के अनुसार ST वर्ग के लिए करीब 53 सीटें होनी चाहिए थीं।
संजय यादव ने यह भी दावा किया कि पीएचडी प्रवेश के 84 कार्यक्रमों में से 56 कार्यक्रम ऐसे हैं, जिनमें अनुसूचित जनजाति के लिए एक भी सीट आवंटित नहीं की गई है। वहीं, अनुसूचित जाति के आरक्षण को लेकर उन्होंने कहा कि पिछले सात प्रवेश चक्रों में SC वर्ग के लिए सीटों का आवंटन निर्धारित 15 प्रतिशत के मानक तक नहीं पहुंचा है।
दिव्यांगजन आरक्षण को लेकर भी सांसद ने विसंगति का आरोप लगाया है। पत्र में उल्लेख किया गया है कि कुल 711 सीटों के आधार पर 5 प्रतिशत आरक्षण के तहत दिव्यांगजन के लिए लगभग 36 सीटें होनी चाहिए थीं, जबकि प्रवेश विवरणिका में केवल 17 सीटें दर्शाई गई हैं। यह कुल सीटों का लगभग 2.39 प्रतिशत है।
सांसद ने पत्र में शैक्षणिक सत्र 2024-25 के आंकड़ों का हवाला देते हुए OBC वर्ग के नामांकन में 209, SC वर्ग में 54 और ST वर्ग में 14 की गिरावट का भी दावा किया है। उनके अनुसार, आरक्षण प्रावधानों में कथित अनियमितताओं और उनके प्रभावों की गंभीरता से जांच किए जाने की आवश्यकता है।
संजय यादव ने कहा कि आरक्षण केवल प्रशासनिक व्यवस्था नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय और समान अवसर सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण संवैधानिक माध्यम है। उन्होंने चिंता जताई कि आरक्षण नियमों का उचित पालन नहीं होने से वंचित वर्गों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा में प्रवेश के अवसरों से वंचित होना पड़ सकता है।
राष्ट्रपति को लिखे पत्र में सांसद ने अनुरोध किया है कि शिकायत को शिक्षा मंत्रालय, विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC), JNU के कुलपति और अन्य संबंधित अधिकारियों के पास भेजा जाए, ताकि मामले की निष्पक्ष जांच हो और आरक्षण नियमों के अनुपालन में आवश्यक सुधार एवं कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।