भाजपा ने वक़्फ़ सुधार को लेकर मुस्लिम आबादी में चलाया जन जागरण अभियान
टेन न्यूज़ नेटवर्क
ग्रेटर नोएडा (06 मई 2025): गौतमबुद्ध नगर ज़िले के जारचा गांव में 5 मई को भारतीय जनता पार्टी द्वारा वक़्फ़ सुधार जन जागरण अभियान के अंतर्गत एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य मुस्लिम समाज के बीच वक़्फ़ सुधार अधिनियम को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करना और सही जानकारी पहुंचाना था। कार्यक्रम में प्रदेश के राज्य मंत्री कुंवर बृजेश सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और उन्होंने मुस्लिम समाज के सदस्यों को वक़्फ़ सुधारों की पारदर्शिता और उद्देश्य के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
प्रदेश मंत्री कुंवर बृजेश सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि पहले वक़्फ़ बोर्ड में पारदर्शिता का अभाव था और कई बार किसी की असल संपत्ति पर वक़्फ़ का दावा करके उसे हड़प लिया जाता था। उस स्थिति में असली मालिक के पास कानूनी उपाय भी नहीं होता था। उन्होंने स्पष्ट किया कि वक़्फ़ सुधार से किसी भी आम मुस्लिम व्यक्ति को कोई नुक़सान नहीं होगा, बल्कि इसका असर उन माफ़ियाओं पर पड़ेगा जिन्होंने वक़्फ़ की संपत्तियों पर अवैध कब्ज़ा कर रखा है।
इस जन जागरण अभियान के तहत भाजपा द्वारा प्रदेश भर में मुस्लिम समाज की बस्तियों में छोटी-छोटी गोष्ठियों से लेकर बड़े कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, ताकि लोगों को सच्चाई से अवगत कराया जा सके। प्रदेश भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष ने भी मंच से कहा कि वक़्फ़ सुधार का उद्देश्य पारदर्शिता लाना है और इसका किसी भी मुस्लिम व्यक्ति के धार्मिक अधिकार या संपत्ति पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।

दादरी विधायक मास्टर तेजपाल नागर ने कहा कि विपक्ष वक़्फ़ सुधार को लेकर समाज में भ्रम फैला रहा है, जिसे दूर करने के लिए भाजपा की ओर से बस्तियों में बैठकें की जा रही हैं। इन बैठकों में मुस्लिम समाज की भागीदारी भी देखी जा रही है।
भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने बताया कि वक़्फ़ सुधार की जानकारी देने हेतु पत्रक वितरित किए जा रहे हैं, और युवा मोर्चा द्वारा ‘युवा संवाद’ के माध्यम से गांव-गांव, घर-घर जाकर लोगों को इस विषय की सही जानकारी दी जा रही है, जिससे समाज में फैली गलतफहमियाँ दूर हो सकें।
इस अवसर पर कार्यक्रम के संयोजक पवन रावल, सुनील भाटी, कर्मवीर आर्य, वीरेन्द्र भाटी, मनोज शिसोदिया, धीर राणा, प्रदीप मंगल, अंकुश शिसोदिया, हिलाल महेंदी, जितेंद्र शिसोदिया, शूरवीर गहलोत समेत सैकड़ों मुस्लिम समाज के लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों की सक्रिय सहभागिता देखने को मिली।
भाजपा द्वारा चलाया जा रहा यह जन जागरण अभियान वक़्फ़ सुधारों को लेकर मुस्लिम समाज में पारदर्शिता और विश्वास कायम करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।