नई दिल्ली (04 मई 2025): विश्व हिंदू परिषद ने जिहादी आतंकवाद के खात्मे और पाकिस्तान समेत पूरे भारत में उसकी संरचना को नष्ट करने के लिए आर-पार की लड़ाई का ऐलान किया है। आंध्रप्रदेश के भीमावरम में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में विहिप के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष और वरिष्ठ अधिवक्ता अलोक कुमार ने कहा कि पहलगाम में हिंदुओं की पहचान कर की गई हत्या पाकिस्तान प्रायोजित जिहादी आतंकवाद का क्रूर चेहरा है और इसका जवाब निर्णायक होना चाहिए।
उन्होंने दो टूक कहा कि अब कोई ढील नहीं दी जाएगी और भारत सरकार का जवाब इतना सटीक और कठोर होना चाहिए कि पाकिस्तान दोबारा ऐसी हरकत करने की हिम्मत न कर सके। उन्होंने यह भी कहा कि यह सिर्फ सुरक्षा का नहीं, एक वैचारिक युद्ध है — जिसमें हिंसा को धर्म का हिस्सा मानने वाली सोच को हराना होगा।
विहिप ने यह भी घोषणा की कि देशभर में मंदिरों को सरकारी नियंत्रण से मुक्त कराने के लिए आंदोलन तेज किया जाएगा। हाल ही में विजयवाड़ा में निकाली गई विशाल रैली इसका प्रमाण है। अब यह अभियान हर जिले तक पहुंचेगा और शैक्षणिक एवं बुद्धिजीवी वर्ग को भी इसमें जोड़ा जाएगा।
संगठन अपने सेवा प्रकल्पों का विस्तार भी करेगा। भीमावरम दौरे की शुरुआत में विहिप ट्रस्टी सतीश पुट्टागोंटा ने दिव्यांगों को व्हीलचेयर और कैलीपर्स बांटे। यह सेवा कार्य विशेष रूप से अनुसूचित जातियों और अन्य जरूरतमंदों के लिए आगे बढ़ाया जाएगा।
साथ ही घर वापसी अभियान को भी नई गति देने की बात कही गई। विहिप का मानना है कि भय, लालच या धोखे से धर्म बदलने वाले हिंदू अब बड़ी संख्या में फिर से अपने मूल धर्म में लौटेंगे।
इस प्रेस वार्ता में विहिप के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व सांसद गोकराजू गंगाराजू, भाग्यनगर क्षेत्र सचिव टी.एस. रविकुमार, आंध्र प्रदेश अध्यक्ष वी. वेंकटेश्वरलु और उपाध्यक्ष यू. वेणुगोपाल राजू भी मौजूद रहे।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।