गौतमबुद्ध नगर में संपूर्ण समाधान दिवस का असर, तीनों तहसीलों में 139 शिकायतें, 15 का हुआ मौके पर निस्तारण
टेन न्यूज नेटवर्क
गौतमबुद्ध नगर (03 मई, 2025): गौतमबुद्ध नगर की तीनों तहसीलों – दादरी, जेवर और सदर – में 3 मई को तहसील संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें कुल 139 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से 15 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। दादरी तहसील में सबसे ज्यादा 114 शिकायतें दर्ज हुईं और 13 का निस्तारण मौके पर किया गया। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने दादरी तहसील में आयोजित समाधान दिवस में हिस्सा लिया और समाज कल्याण एवं प्रोबेशन विभाग द्वारा लगाए गए पेंशन शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने वृद्धावस्था, विधवा और दिव्यांग पेंशन के लिए उपस्थित लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेंशन आवेदनों का सत्यापन पारदर्शिता और संवेदनशीलता से किया जाए।
जिलाधिकारी ने समाधान दिवस की अध्यक्षता करते हुए जनता की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि शिकायतों का मौके पर निरीक्षण कर पोर्टल पर समयबद्ध फीडिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप किसी भी पात्र व्यक्ति को योजनाओं के लाभ के लिए अनावश्यक प्रतीक्षा न करनी पड़े। समाधान दिवस में मुख्य विकास अधिकारी विद्यानाथ शुक्ला, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार, एसडीएम अनुज नेहरा, एसीपी सौम्या सिंह, जिला विकास अधिकारी शिव प्रताप परमेश, तहसीलदार ओमप्रकाश पासवान और नायब तहसीलदार प्रज्ञा सिंह सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
जेवर तहसील में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अतुल कुमार की अध्यक्षता में समाधान दिवस आयोजित हुआ, जिसमें 21 शिकायतें प्राप्त हुईं और एक का निस्तारण मौके पर किया गया। सदर तहसील में अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे की अध्यक्षता में समाधान दिवस के दौरान 4 शिकायतें दर्ज की गईं और एक शिकायत का मौके पर निस्तारण सुनिश्चित किया गया।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।