बारिश में डूबी दिल्ली ‘चार इंजन’ फेल, तस्वीरों की राजनीति बेनकाब: प्रियंका कक्कड़ का बीजेपी पर हमला

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (03 मई 2025): राजधानी दिल्ली में गुरुवार रात हुई तेज बारिश ने एक बार फिर से नगर निगम और सरकार की तैयारियों की पोल खोल दी। जलभराव और ट्रैफिक जाम के चलते जहां आम लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया, वहीं आम आदमी पार्टी की प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “बीजेपी की चार इंजन वाली सरकार के सारे इंजन पानी में डूब गए हैं।” प्रियंका कक्कड़ ने सवाल उठाया कि क्या रेखा गुप्ता और मंत्री प्रवेश वर्मा ने सिर्फ फोटो खिंचवाने के लिए नालों में डंडे डाले थे? उन्होंने कहा कि पहली ही बारिश में दिल्ली की सड़कों का यह हाल है, तो मानसून में क्या होगा? उन्होंने दावा किया कि नालों की सफाई, सड़क व्यवस्था और ड्रेनेज की तैयारियां सिर्फ कागजों और अखबारों तक सीमित रहीं।

उन्होंने कहा कि दिल्ली अब गुरुग्राम और मुंबई की राह पर चल पड़ी है, जहां जलभराव और ट्रैफिक जाम रोजमर्रा की समस्या बन चुकी है। “बीजेपी जहां भी जाती है, वहां यह बीमारी लग जाती है। इलाज सिर्फ केजरीवाल मॉडल में था, जिसे जनता भूली नहीं है,” कक्कड़ ने कहा। आप प्रवक्ता ने एयरपोर्ट टर्मिनल-3 की छत गिरने की घटना को भी उदाहरण के रूप में पेश किया और कहा कि “गनीमत है कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ, लेकिन इससे सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल जरूर खड़े हो गए हैं।”

प्रियंका ने दावा किया कि बारिश से हुई चार मौतें प्रशासन की नाकामी को उजागर करती हैं। “मौसम विभाग की चेतावनी के बावजूद सरकार ने कोई ठोस कदम नहीं उठाए। फोटोशूट और बयानबाज़ी से जनता की जान नहीं बचाई जा सकती,” उन्होंने जोड़ा। जनता के बीच अब चर्चा है कि क्या सरकार सिर्फ सोशल मीडिया और प्रेस रिलीज़ तक ही सीमित रह गई है? विपक्ष ने इस बहाने नगर निगम और राज्य सरकार दोनों पर सवाल उठाए हैं।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।