ग्रेटर नोएडा में पार्किंग को लेकर झड़प, मोबाइल कंपनी के तीन कर्मचारी घायल, एक पर फेंका उबलता तेल

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (2 मई 2025): गुरुवार की रात ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-1 थाना क्षेत्र में स्थित एक मोबाइल कंपनी के बाहर बाइक पार्किंग को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस घटना में तीन कर्मचारी बुरी तरह घायल हो गए, जिनमें एक के पैर पर उबलता हुआ तेल डालने की भी सूचना है।

घटना तब हुई जब दनकौर निवासी मनीष, शिवा और राहुल, जो कि मोबाइल कंपनी में कार्यरत हैं, ड्यूटी के लिए बाइक से कंपनी पहुंचे और परिसर के पास पार्किंग में अपनी बाइक खड़ी की। उसी समय आसपास रेहड़ी लगाने वाले कुछ लोगों ने पार्किंग को लेकर आपत्ति जताते हुए पहले गाली-गलौज शुरू कर दी। जब कर्मचारियों ने इसका विरोध किया तो विवाद ने तूल पकड़ लिया।

आरोप है कि रेहड़ी संचालित करने वाले छह लोगों ने एकजुट होकर तीनों कर्मचारियों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट के दौरान एक कर्मचारी के पैर पर खौलता हुआ तेल भी फेंक दिया गया, जिससे उसे गंभीर जलन और चोटें आईं। हमले में घायल सभी कर्मचारियों को तत्काल ग्रेटर नोएडा स्थित जिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना की जानकारी मिलते ही ईकोटेक-1 कोतवाली प्रभारी अरविंद कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया है और अन्य की तलाश जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना की गहन जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में पार्किंग और अतिक्रमण को लेकर अक्सर तनाव की स्थिति बनती रहती है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।