नोएडा (30 अप्रैल 2025): थाना फेज-1 क्षेत्र स्थित सेक्टर-2 की एक निजी कंपनी में मंगलवार सुबह भीषण आग लग गई। यह कंपनी ‘रवि सेंट प्राइवेट लिमिटेड’ के नाम से जानी जाती है और यहां पर मूर्तियों से संबंधित आर्टिकल्स तैयार किए जाते हैं। आग सेकेंड फ्लोर पर लगी थी, लेकिन समय रहते दमकल विभाग की तत्परता और कर्मचारियों की सतर्कता के चलते एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना के समय कंपनी में काम कर रहे सभी कर्मचारी तत्काल इमारत से बाहर निकल आए, जिससे किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। आग की सूचना मिलते ही सुरक्षा गार्ड ने तुरंत स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग को जानकारी दी। मौके पर दमकल की दो गाड़ियाँ पहुंचीं और करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
सीएफओ प्रदीप कुमार ने बताया कि कंपनी की इमारत के दूसरे मंज़िल पर अचानक धुआं उठता देखा गया, जिससे कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। दमकल कर्मियों ने आग को फैलने से रोकने के लिए आसपास की कंपनियों की दीवारों पर पानी का छिड़काव भी किया। यदि समय पर आग पर काबू नहीं पाया गया होता तो यह हादसा और भयावह रूप ले सकता था।
गौरतलब है कि इस इलाके में कई औद्योगिक इकाइयाँ स्थित हैं, जहां आग जैसी घटनाओं से बड़े पैमाने पर जान-माल का नुकसान हो सकता है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने या जनहानि की कोई सूचना नहीं है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।