महिला सम्मान राशि योजना को लेकर AAP और दिल्ली सरकार आमने- सामने

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (29 अप्रैल 2025): दिल्ली महिला सम्मान राशि योजना को लेकर आम आदमी पार्टी की नेता आतिशी ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली की हर महिला को हर महीने ₹2500 देने की गारंटी दी थी, लेकिन अब तक यह योजना शुरू नहीं हुई। आतिशी ने कहा कि मोदी जी ने वादा किया था कि सरकार बनने के बाद पहली कैबिनेट में यह योजना पास होगी और 8 मार्च को पहली किस्त महिलाओं को मिलेगी। लेकिन अब दो महीने से अधिक हो गए हैं, न योजना का कोई अता-पता है, न ही किसी महिला को एक भी रुपया मिला है। उन्होंने इसे दिल्ली की महिलाओं के साथ विश्वासघात करार दिया।

आतिशी ने आरोप लगाया कि अब योजना की शर्तों को बदलकर इसे सीमित और भ्रामक बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह अब ‘हर महिला’ की योजना नहीं रही, बल्कि इसमें कई बंदिशें लगा दी गई हैं। अब खबरें आ रही हैं कि यह राशि केवल 21 साल से ऊपर की महिलाओं को दी जाएगी, और वह भी सिर्फ उसी परिवार की एक महिला को जो राशन कार्ड धारक हो। इसके अलावा, सरकार यह भी कह रही है कि ₹2500 की पूरी राशि नहीं दी जाएगी, बल्कि इसका कुछ हिस्सा सरकार अपने पास रखेगी। यहां तक कि वैक्सीनेशन कार्ड को भी अनिवार्य कर दिया गया है, जिससे कई महिलाएं बाहर हो जाएंगी।

उन्होंने इस योजना को मोदी सरकार की “गारंटी” नहीं, बल्कि “धोखेबाज़ी” बताया। आतिशी ने कहा कि भाजपा ने इस योजना के नाम पर दिल्ली की जनता को गुमराह किया और झूठ बोलकर वोट बटोरे। उन्होंने मांग की कि अगर यह वादा चुनावी गारंटी था तो इसे बिना देरी के लागू किया जाए और हर महिला को बिना किसी शर्त ₹2500 दिए जाएं। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि आम आदमी पार्टी इस मुद्दे को लेकर सड़कों पर उतरेगी। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे अपने अधिकारों के लिए आवाज़ उठाएं। आम आदमी पार्टी ने साफ किया कि वह इस मुद्दे को हर मंच पर उठाएगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।