नई दिल्ली (29 अप्रैल 2025): दिल्ली की राजनीति में कांग्रेस ने एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी (BJP) को घेरते हुए सुरक्षा के मुद्दे पर बड़ा सवाल खड़ा किया है। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने केंद्र और दिल्ली की ‘ट्रिपल इंजन’ सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर इस सरकार में खुद बीजेपी के नेता ही सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं, तो आम जनता की सुरक्षा का क्या होगा? उन्होंने भाजपा नेताओं को दी जा रही ‘जेड श्रेणी’ की सुरक्षा को मुद्दा बनाते हुए पूछा कि क्या यही ‘सबका साथ, सबका विकास’ है?
देवेंद्र यादव ने कहा कि सरकार दिल्ली में आम जनता की समस्याओं की अनदेखी कर रही है और सारी ताकत अपने नेताओं की सुरक्षा में झोंक रही है। उन्होंने बीजेपी दिल्ली अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा को हाल ही में दी गई जेड श्रेणी की सुरक्षा पर तंज कसते हुए कहा कि पहले इन्हें वाई श्रेणी सुरक्षा मिली हुई थी, अब जेड श्रेणी मिल गई। इससे साफ है कि बीजेपी के नेता खुद को असुरक्षित मानते हैं, और सरकार केवल अपने ही लोगों की सुरक्षा पर ध्यान दे रही है।
यादव ने दिल्ली में बढ़ते अपराधों की ओर इशारा करते हुए कहा कि राजधानी में हत्याएं, डकैती और झपटमारी की घटनाएं आम होती जा रही हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि सरकार आम आदमी की सुरक्षा के लिए क्या कर रही है? उन्होंने आरोप लगाया कि करोड़ों रुपये नेताओं की सुरक्षा पर खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन दिल्ली की सड़कों पर आम आदमी खुद को असहाय महसूस करता है।
कांग्रेस नेता ने केंद्र सरकार और गृह मंत्रालय पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि एक तरफ देश में आतंकवाद से लड़ने की बातें की जाती हैं, वहीं दूसरी तरफ सरकार का ध्यान आम जनता की सुरक्षा छोड़कर सिर्फ अपने नेताओं को सुरक्षित रखने पर है। उन्होंने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हाल ही में हुए आतंकी हमले का उदाहरण देते हुए कहा कि देश की आंतरिक सुरक्षा पर गंभीर सोच की जरूरत है।
देवेंद्र यादव ने यह भी सवाल उठाया कि नेताओं को दी जा रही भारी-भरकम सुरक्षा का खर्च आखिर कौन उठा रहा है? उन्होंने कहा कि जेड श्रेणी में 22 से 25 सुरक्षाकर्मी तैनात रहते हैं, जिसमें हथियारबंद गार्ड, एस्कॉर्ट्स और निजी सुरक्षाकर्मी शामिल होते हैं। उन्होंने पूछा कि क्या इसका खर्च जनता के टैक्स के पैसे से उठाया जाएगा या बीजेपी खुद इसे वहन करेगी?
इसके साथ ही उन्होंने आम आदमी पार्टी (AAP) और बीजेपी को एक ही सिक्के के दो पहलू बताते हुए आरोप लगाया कि दोनों पार्टियां जनता के सामने सादगी का दिखावा करती हैं, लेकिन असल में उनकी जीवनशैली शाही है। उन्होंने कहा कि सुविधाएं लेने में बीजेपी नेता भी AAP के पूर्व मुख्यमंत्रियों और मंत्रियों से पीछे नहीं हैं, और दोनों ही दलों ने जनता को सिर्फ गुमराह किया है।
देवेंद्र यादव का यह बयान राजधानी की राजनीति में हलचल मचा चुका है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब सत्ता पक्ष के नेता खुद असुरक्षित महसूस करते हैं, तो आम आदमी सरकार से कैसे सुरक्षा की उम्मीद कर सकता है? उन्होंने चेतावनी दी कि जनता अब सब समझ चुकी है और आने वाले चुनावों में इसका जवाब जरूर देगी। अब देखना होगा कि बीजेपी इस हमले का क्या जवाब देती है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।