गलगोटिया विश्वविद्यालय और एम्स ने लॉन्च किया ‘नेवर अलोन’ ऐप, मानसिक स्वास्थ्य के लिए नई पहल
टेन न्यूज नेटवर्क
ग्रेटर नोएडा (25 अप्रैल 2025): गलगोटिया विश्वविद्यालय में शुक्रवार, 25 अप्रैल 2025 को एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) नई दिल्ली के सहयोग से विकसित एआई आधारित मोबाइल ऐप ‘नेवर अलोन’ के संबंध में एमओयू (समझौता ज्ञापन) पर हस्ताक्षर किए गए। यह प्लेटफॉर्म मानसिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देने और सुलभ सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से विकसित किया गया है।
कार्यक्रम की शुरुआत में परामर्श मनोवैज्ञानिक डॉ. दीपिका दहिमा ने ‘नेवर अलोन’ ऐप के उद्देश्यों और दृष्टिकोण पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि यह पहल मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को हर किसी के लिए अधिक सुलभ बनाने में मदद करेगी, जिससे कोई भी व्यक्ति अकेला महसूस नहीं करेगा।
इसके पश्चात डॉ. निशांत अहमद ने मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह समझौता मानसिक स्वास्थ्य क्षेत्र में एक नए युग की शुरुआत का प्रतीक है। इससे छात्रों के साथ-साथ पूरे समाज को भी लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विश्वविद्यालय के कुलाधिपति सुनील गलगोटिया ने कहा कि यह पहल न केवल छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाएगी, बल्कि समाज में भी सकारात्मक परिवर्तन लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। उन्होंने कहा कि छात्रों को इमोशनल इंटेलिजेंस और मानसिक मजबूती के बल पर किसी भी लक्ष्य को प्राप्त करने में सक्षम बनाया जा सकता है।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति सुनील गलगोटिया ने एम्स के डॉ. निशांत अहमद और मीता मिश्रा की उपस्थिति में सहमति पत्र पर हस्ताक्षर किए।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।