JNU में लड़की से दोस्ती को लेकर खूनी संघर्ष, कई घायल

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (09 November 2026): दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (Jawaharlal Nehru University) के बराक हॉस्टल में छात्रों के बीच लड़की से दोस्ती को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि एक छात्र ने अपने साथी पर गंडासे जैसे धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में सौरभ नाम के छात्र की दाहिनी आंख की रोशनी चली गई, जबकि उसके चेहरे, नाक और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे अन्य छात्र भी घायल हो गए। घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर में हड़कंप मच गया।

जानकारी के मुताबिक, यह वारदात 5 नवंबर को दोपहर करीब 3 बजे बराक हॉस्टल के एक कमरे में हुई थी। आरोप है कि एमए के छात्र अजय सिंह भदौरिया ने साथी छात्र सौरभ सिंह पर धारदार हथियार से हमला किया। विवाद के दौरान हुई हिंसक झड़प में कुल चार छात्र घायल हुए। सभी घायलों को दिल्ली के एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां एक छात्र की हालत गंभीर बनी हुई है। हमले में सौरभ को सबसे ज्यादा चोटें आईं और उसकी दाहिनी आंख की रोशनी प्रभावित हुई।

घटना के बाद सौरभ की महिला मित्र ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। इसके आधार पर वसंत कुंज नॉर्थ थाने में हत्या के प्रयास समेत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने आरोपी छात्र अजय सिंह भदौरिया को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और हमले के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है।

वहीं, घटना के बाद जेएनयू प्रशासन ने भी सख्त कार्रवाई करते हुए चार छात्रों को जांच पूरी होने तक विश्वविद्यालय से निष्कासित कर दिया है। निष्कासित छात्रों में एमए के छात्र अजय सिंह भदौरिया, शनि कांत कुमार, बीए के छात्र सौरभ सिंह और एक छात्रा शामिल हैं। प्रॉक्टर कार्यालय ने जांच पूरी होने तक इन छात्रों के कैंपस में प्रवेश पर रोक लगा दी है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि निष्कासित छात्रों को परिसर में शरण देने वालों के खिलाफ भी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।