ग्रेटर नोएडा (25 अप्रैल 2025): ग्रेटर नोएडा स्थित दनकौर रेलवे स्टेशन पर गुरुवार देर रात एक दर्दनाक घटना घटी, जब एक युवक ने चलती ट्रेन के सामने छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना रात लगभग 11 बजे हुई, जिसने वहां मौजूद लोगों को स्तब्ध कर दिया। मृतक की अब तक पहचान नहीं हो सकी है, लेकिन उसके शरीर पर मिले टैटू से कुछ अहम सुराग मिले हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक कुछ समय से स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर अकेला खड़ा था। जैसे ही दिल्ली-लखनऊ एक्सप्रेस स्टेशन से गुजरी, वह अचानक उसके सामने कूद गया। ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी (Government Railway Police) की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। जांच के दौरान युवक की जेब से कोई दस्तावेज, पहचान पत्र या सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ। हालांकि, पुलिस को मृतक के एक हाथ पर बना टैटू मिला है, जिसमें “दीपक कुमार”, “माता – हेमा कुमारी” और “पिता – रामसहाय” लिखा हुआ है।
पुलिस का मानना है कि युवक ग्रेटर नोएडा की किसी निजी कंपनी में कार्यरत था, हालांकि इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। युवक की पहचान और परिजनों का पता लगाने के लिए पुलिस ने सोशल मीडिया पर उसकी जानकारी साझा करते हुए आम जनता से मदद की अपील की है।
जीआरपी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, हमने मृतक की पहचान सुनिश्चित करने के लिए सोशल मीडिया पर जानकारी साझा की है। यदि किसी को युवक की पहचान के संबंध में कोई भी जानकारी हो, तो कृपया तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन से संपर्क करें। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है, और आत्महत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने का प्रयास जारी है। शव को फिलहाल पोस्टमार्टम हाउस में सुरक्षित रखा गया है, जब मृतक के परिवार का पता चल जाएगा शव उनको दे दिया जाएगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।