भाईचारे पर हमला, इंसानियत के साथ खड़े हैं हम: राहुल गांधी, नेता प्रतिपक्ष | Pahalgam Attack
टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली (25 अप्रैल, 2025): जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इस हमले में कई लोगों की जान गई और कई घायल हुए। नेता विपक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को पहलगाम पहुंचकर पीड़ितों और उनके परिवारों से मुलाकात की।
उन्होंने इस घटना को मानवता पर सीधा हमला बताया और कहा कि यह मोहब्बत और भाईचारे को मिटाने की शर्मनाक कोशिश है। राहुल गांधी ने कहा, “यह एक भयानक त्रासदी है। मैं यहां के हालात जानने और पीड़ितों की मदद करने आया हूं।”
उन्होंने कहा कि पूरा देश इस दुख की घड़ी में जम्मू-कश्मीर के लोगों के साथ खड़ा है। “मैं एक घायल व्यक्ति से मिला हूं। उनका दर्द हर भारतीय का दर्द है। जो लोग इस हमले में अपने परिवार के सदस्यों को खो चुके हैं, मैं उन्हें अपना प्यार और स्नेह देना चाहता हूं। पूरा देश उनके साथ है,” राहुल गांधी ने कहा।
राहुल गांधी ने यह भी बताया कि उन्होंने राज्य के मुख्यमंत्री और उपराज्यपाल से मुलाकात की और घटना की पूरी जानकारी ली। उन्होंने दोनों को भरोसा दिलाया कि कांग्रेस पार्टी आतंकवाद के खिलाफ सरकार की हर कार्रवाई में साथ खड़ी है।
उन्होंने यह भी कहा कि आतंकवाद देश को बांटने की साजिश है। “जो कुछ हुआ, वह भाई को भाई से लड़ाने की कोशिश है। यह समय है एकजुट होकर ऐसी नापाक ताकतों को करारा जवाब देने का।”
राहुल गांधी ने बताया कि विपक्ष की ओर से सरकार के साथ बैठक की गई और सभी दलों ने इस हमले की कड़ी निंदा की है।
अंत में उन्होंने देशवासियों से अपील की कि नफरत और आतंक के खिलाफ सबको मिलकर एकजुट होना होगा। “हम सब साथ हैं, तभी आतंकवाद को हमेशा के लिए हराया जा सकता है,” उन्होंने कहा।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।