Pahalgam Attack: आतंकियों के खिलाफ एंटी टेरर एक्शन फोरम का जोरदार प्रदर्शन

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली, (24 अप्रैल 2025): जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के विरोध में आज एंटी टेरर एक्शन फोरम ने नई दिल्ली स्थित पाकिस्तान उच्चायोग के सामने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में पाकिस्तान के खिलाफ तीखी नारेबाजी की गई और आतंकवाद को समर्थन देने के लिए उसे जिम्मेदार ठहराया गया।

प्रदर्शन में दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. हर्षवर्धन और सतीश उपाध्याय, प्रदेश महामंत्री विष्णु मित्तल सहित भाजपा के अनेक वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान सभी ने पहलगाम में शहीद हुए भारतीय नागरिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए एक मिनट का मौन रखा।

प्रदर्शन स्थल पर एंटी टेरर एक्शन फोरम के पदाधिकारियों के साथ भाजपा विधायक और अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे। जैसे-जैसे प्रदर्शन तेज हुआ, भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड्स को तोड़ दिया, जिसके चलते दिल्ली पुलिस ने वीरेन्द्र सचदेवा सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं को डिटेन कर चाणक्यपुरी थाना ले जाया गया। हालांकि, कुछ समय बाद सभी को रिहा कर दिया गया।

इस मौके पर वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा कि पूरे देश का हर नागरिक आज गुस्से में है और पाकिस्तान समर्थित आतंकवादियों की इस कायराना हरकत का जवाब जल्द ही दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह नया हिंदुस्तान है प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का हिंदुस्तान जिसने उरी और पुलवामा के बाद जैसा जवाब दिया था, वैसा ही अब पहलगाम के बाद भी देगा। उन्होंने बताया कि अभी तक सिर्फ पाकिस्तान की ओर जाने वाले नदी के पानी को रोका गया है, वीज़ा रद्द किए गए हैं और उच्चायोग की स्टाफ संख्या घटाई गई है, लेकिन आने वाले समय में पाकिस्तान को उसकी ही भाषा में जवाब दिया जाएगा।

सचदेवा ने कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग धर्मनिरपेक्षता की आड़ में देशद्रोहियों के साथ खड़े होते हैं, वे ‘जयचंद’ हैं और उन्हें चेत जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जो कुछ कश्मीर में हुआ, वह कल किसी के भी घर में हो सकता है, इसलिए हर देशभक्त भारतीय को एकजुट होकर इस लड़ाई में भाग लेना चाहिए।

प्रदर्शन के माध्यम से न केवल आतंकवाद के खिलाफ आवाज उठाई गई, बल्कि पाकिस्तान उच्चायोग में कार्यरत उन लोगों को भी चेतावनी दी गई, जो भारत में रहते हुए देश विरोधी गतिविधियों में शामिल हैं। एंटी टेरर एक्शन फोरम और भाजपा कार्यकर्ताओं ने यह स्पष्ट कर दिया कि भारत अब आतंकवाद और उसके समर्थकों को बर्दाश्त नहीं करेगा।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।