पहलगाम में आतंकी हमले से देश में आक्रोश, राजधानी में व्यापारियों ने किया बंद का ऐलान!
टेन न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली (24 अप्रैल 2025): पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद देशभर में आक्रोश की लहर है। निर्दोष लोगों की निर्मम हत्या ने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है। दिल्ली में व्यापारी समुदाय ने भी इस हमले के खिलाफ सख्त विरोध जताया है। दिल्ली व्यापार महासंघ ने आज एक दिन के लिए सभी दुकानों को बंद रखने का निर्णय लिया है। यह कदम पीड़ित परिवारों के साथ एकजुटता दिखाने के लिए उठाया गया है। महासंघ के उपाध्यक्ष राजेंद्र कपूर ने कहा कि दिल्ली के व्यापारी इस दुख की घड़ी में पीड़ितों के साथ हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पूरा देश आतंकियों को करारा जवाब चाहता है।
व्यापार महासंघ ने सरकार को दिया अपना समर्थन
राजेंद्र कपूर ने कहा कि पहलगाम में हुई मासूमों की हत्या अत्यंत शर्मनाक है और इससे हर देशवासी का खून खौल उठा है। उन्होंने बताया कि व्यापारी समुदाय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के साथ मजबूती से खड़ा है। दिल्ली में दुकानों का एक दिन बंद रहना केवल विरोध नहीं, बल्कि एकजुटता का प्रतीक है। व्यापारियों का मानना है कि आतंक के खिलाफ कड़ा और निर्णायक कदम अब जरूरी है। राजेंद्र कपूर ने कहा कि हम यह भी संदेश देना चाहते हैं कि देश की जनता आतंकियों के खिलाफ एकजुट है। ये बंद सिर्फ व्यापार का नहीं, बल्कि भावनाओं का प्रतीक है। उन्होंने सरकार से सख्त एक्शन की मांग की है।
दिल्ली में बंद के साथ पाकिस्तान उच्चायोग के बाहर भी प्रदर्शन
सिर्फ दुकानें बंद ही नहीं, बल्कि आज दिल्ली में पाकिस्तान उच्चायोग के बाहर भी विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। प्रदर्शन में भारतीय जनता पार्टी के नेता और एंटी टेरर एक्शन फोरम के कार्यकर्ता शामिल हैं। प्रदर्शनकारी पाकिस्तान को इस हमले का जिम्मेदार ठहरा रहे हैं और उसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर अलग-थलग करने की मांग कर रहे हैं। नारों और बैनरों के साथ लोग पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगा रहे हैं। देश की जनता अब सिर्फ शोक में नहीं, बल्कि क्रोध में भी है। यह विरोध आतंक को पालने वालों के खिलाफ है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि अब चुप बैठने का वक्त नहीं, कार्रवाई का वक्त है।
पहलगाम में बर्बरता की हद, इंसानियत हुई शर्मसार
हमले के बाद सामने आई जानकारी ने पूरे देश को हिला दिया है। पहलगाम में आतंकियों ने कुल 28 लोगों को मौत के घाट उतार दिया, जिनमें सभी पुरुष थे। महिलाओं को छोड़ते हुए आतंकियों ने कहा कि जाकर अपने मोदी को बता देना कि हम क्या कर सकते हैं। कई लोगों को निर्वस्त्र कर उनके धर्म की पहचान पूछी गई और जब उन्होंने कलमा पढ़ने से इनकार किया, तो गोलियों से भून दिया गया। यह बर्बरता आतंक के सबसे क्रूर रूप को दर्शाती है। इसने केवल जम्मू-कश्मीर नहीं, पूरे भारत को चोट पहुंचाई है। अब देशवासी एक सुर में कह रहे हैं,अब बहुत हो चुका।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।