जीपीएस सिस्टम वाटर टैंकर के शुभारंभ को विपक्ष ने बताया ‘पुराना माल नया पैकेज’
टेन न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली (21 अप्रैल 2025): दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बीते रविवार को 1111 पानी के टैंकरों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने दावा किया कि इन टैंकरों को जीपीएस से लैस किया गया है और जनता दिल्ली जल बोर्ड के ऐप के ज़रिए इनकी ट्रैकिंग कर सकती है। इस कार्यक्रम को भव्य तरीके से आयोजित किया गया। सरकार का दावा है कि यह गर्मियों में पानी की किल्लत से निपटने का एक ठोस कदम है। कार्यक्रम के ज़रिए बीजेपी ने इसे अपनी बड़ी उपलब्धि के रूप में प्रस्तुत किया। मुख्यमंत्री के साथ भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। रेखा गुप्ता ने इसे “नई दिल्ली की नई ऊर्जा” बताया।
AAP का पलटवार – “पुराने टैंकर, नया स्टीकर”
आम आदमी पार्टी ने रेखा गुप्ता सरकार के इस कदम को पूरी तरह से “प्रचार की राजनीति” करार दिया। पार्टी के बुराड़ी से विधायक संजीव झा ने आरोप लगाया कि इन टैंकरों में से अधिकांश पुराने हैं और सिर्फ नया स्टीकर लगाकर उन्हें नया बताया जा रहा है। उनका कहना था कि यह सब जनता को गुमराह करने का प्रयास है। संजीव झा ने यह भी कहा कि सरकार के पास 60 दिन बाद भी कोई ठोस उपलब्धि नहीं है। इसलिए भाजपा पुराने कामों को नए तरीके से पेश कर रही है। कार्यक्रम के आयोजन पर उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जनता के टैक्स के पैसे का दुरुपयोग किया गया है। उन्होंने इसे “झूठी उपलब्धियों का उत्सव” बताया।
GPS सिस्टम को लेकर भी AAP ने उठाए सवाल
सौरभ भारद्वाज ने भी जीपीएस के मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि जब वह 2022 में दिल्ली जल बोर्ड के उपाध्यक्ष थे, तब ही सभी टैंकरों में जीपीएस लग चुके थे। उनका कहना है कि यह कोई नई शुरुआत नहीं है, बल्कि केवल एक दिखावटी कार्यक्रम है। सौरभ भारद्वाज ने तंज कसते हुए कहा कि हर साल गर्मियों में टैंकरों की संख्या बढ़ाई जाती है, इसमें कोई नई बात नहीं है। उन्होंने सवाल किया कि जो काम पहले हो चुका है, उसे दोबारा क्यों प्रचारित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रेखा गुप्ता को मुख्यमंत्री के तौर पर जनता से सच बोलना चाहिए। झूठी उपलब्धियों से जनता का भला नहीं होता।
भाजपा का बचाव – “गर्मी में राहत हमारी प्राथमिकता”
भाजपा नेताओं ने विपक्ष के आरोपों को नकारते हुए कहा कि गर्मी में जल संकट से निपटना उनकी प्राथमिकता है। उनका कहना है कि चाहे पुराने हों या नए, टैंकरों की संख्या बढ़ाई गई है और उन्हें बेहतर तकनीक से लैस किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि ऐप के ज़रिए ट्रैकिंग सुविधा से पारदर्शिता बढ़ेगी और जनता को समय पर पानी मिलेगा। भाजपा का दावा है कि जनता की सुविधाओं को ध्यान में रखकर ही यह कार्यक्रम किया गया। पार्टी ने यह भी कहा कि दिल्ली सरकार अब राजनीति नहीं, सेवा को प्राथमिकता दे रही है। उनके अनुसार यह पहल जल संकट से जूझ रहे लोगों के लिए बड़ी राहत है।
राजनीतिक टकराव के बीच जनता की नजर नतीजों पर
इस पूरे मामले ने दिल्ली की राजनीति में गर्मी ला दी है, एक ओर जहां भाजपा इसे सेवा का प्रतीक बता रही है, वहीं आम आदमी पार्टी इसे प्रचार की रणनीति मान रही है। दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर लगातार जारी है। इस सियासी संघर्ष के बीच आम जनता की चिंता असल में पानी की उपलब्धता और सेवा की गुणवत्ता को लेकर है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या सच में टैंकरों से उनकी जरूरतें पूरी होंगी या यह सिर्फ दिखावा है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।