GPS वाटर टैंकर की शुरुआत से टैंकर माफियाओं पर लगेगी लगाम: भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली, (20 अप्रैल 2025): राजधानी दिल्ली को जल संकट से राहत देने की दिशा में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को एक बड़ी पहल की शुरुआत की। दिल्लीवासियों के लिए 1111 जल टैंकरों की सेवा की शुरुआत करते हुए उन्होंने इस योजना को जनता को समर्पित किया। इस अवसर पर नई दिल्ली से बीजेपी सांसद बांसुरी स्वराज ने टेन न्यूज़ नेटवर्क से विशेष बातचीत में इस ऐतिहासिक कदम का स्वागत किया और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता एवं जल मंत्री प्रवेश वर्मा का आभार व्यक्त किया।

बांसुरी स्वराज ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में टैंकर सेवा शुरू करना सिर्फ पानी की आपूर्ति बढ़ाने का प्रयास नहीं है, बल्कि यह टैंकर माफियाओं के नियंत्रण के लिए एक सशक्त योजना है। उन्होंने कहा कि इससे उन इलाकों में भी पानी पहुंच सकेगा जहां अभी तक जल संकट बना हुआ है और लोग निजी टैंकरों पर निर्भर थे।

सबसे खास बात यह है कि अब दिल्ली की जनता ‘दिल्ली जल बोर्ड ऐप’ के माध्यम से इन टैंकरों की लाइव लोकेशन और स्थिति की जानकारी प्राप्त कर सकेगी। इससे न सिर्फ जल वितरण में पारदर्शिता आएगी, बल्कि टैंकरों के दुरुपयोग की संभावनाओं पर भी रोक लगेगी। बांसुरी स्वराज ने इसे जनता को सशक्त बनाने और भ्रष्ट तंत्र को खत्म करने की दिशा में रेखा सरकार का एक साहसी और निर्णायक कदम बताया।

उन्होंने उम्मीद जताई कि इस पहल से राजधानी में पानी की समस्या पर काफी हद तक नियंत्रण पाया जा सकेगा और लोगों का सरकार पर भरोसा और भी मजबूत होगा। यह योजना न केवल तकनीक और पारदर्शिता का एक बेहतरीन उदाहरण है, बल्कि दिल्ली के लिए एक नई शुरुआत भी साबित हो सकती है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।