GPS वाटर टैंकर वाला झूठ!, सरकार पुराने टैंकरों को नया बता रही है: सौरभ भारद्वाज
टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली, (20 अप्रैल 2025): आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने आज प्रेस वार्ता में दिल्ली की भाजपा सरकार पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता दिल्ली की जनता को गुमराह कर रही है।
भारद्वाज ने आरोप लगाया कि दिल्ली सरकार ने हाल ही में 1111 पानी के टैंकरों को जनता के लिए “तोहफा” बताकर पेश किया है, जबकि ये टैंकर पहले से ही दिल्ली में इस्तेमाल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि हर गर्मी में पानी की मांग बढ़ने पर टैंकरों के जरिए सप्लाई की जाती है, यह कोई नई बात नहीं है।
उन्होंने रेखा गुप्ता के उस दावे को भी झूठा बताया जिसमें कहा गया था कि दिल्ली जल बोर्ड के टैंकरों में अब GPS लगाया जा रहा है। सौरभ ने कहा कि 2015 में ही टैंकरों में GPS लगाने की शुरुआत हो चुकी थी और 2022 में जब वे जल बोर्ड के उपाध्यक्ष थे, तब भी सभी टैंकरों में GPS लगा था।
भारद्वाज ने कहा, “पुराने टैंकरों पर रंग कर, पीएम और सीएम की तस्वीरें लगाकर जनता को बेवकूफ बनाया जा रहा है। भाजपा सरकार पिछले कामों का श्रेय ले रही है और जनता के टैक्स का पैसा प्रचार में उड़ा रही है।”
उन्होंने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को चुनौती देते हुए पूछा कि क्या वह साबित कर सकती हैं कि पहले GPS नहीं था?
अंत में, भारद्वाज ने कहा कि भाजपा सरकार को दिल्ली में दो महीने हो गए हैं, लेकिन अब तक कोई नया काम नहीं किया, इसलिए पुरानी चीज़ों को ही नया बताकर प्रचार किया जा रहा है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।