सीएम योगी ने गोरखनाथ मंदिर में किया रुद्राभिषेक, समस्त प्रजा के कल्याण की कामना

टेन न्यूज नेटवर्क

गोरखपुर, (20 अप्रैल 2025): उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने आज रविवार प्रातःकाल गोरखनाथ मंदिर स्थित शक्तिपीठ में भगवान शिव का रुद्राभिषेक कर प्रदेशवासियों सहित समस्त चराचर जगत के सुख, समृद्धि और कल्याण की मंगलकामना की। मुख्यमंत्री ने श्रद्धा एवं आस्था के साथ देवाधिदेव महादेव की विधिपूर्वक पूजा-अर्चना कर प्रदेश में सुख, शांति और आरोग्यता की कामना व्यक्त की।

सीएम योगी ने गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित पीठाधीश्वर आवास के प्रथम तल पर स्थित शक्तिपीठ में भगवान शिव को बिल्वपत्र, कमल पुष्प, दूर्वा, मधु, घृत सहित विविध पूजन सामग्रियां अर्पित कीं। इसके पश्चात उन्होंने फलों के रस से रुद्राभिषेक कर महादेव को नमन किया। पूजा-अर्चना के इस पावन अवसर पर मठ के विद्वान पुरोहितों ने शुक्ल यजुर्वेद संहिता की रुद्राष्टाध्यायी के वैदिक मंत्रों का उच्चारण करते हुए रुद्राभिषेक अनुष्ठान संपन्न कराया।

पूरा अनुष्ठान वैदिक विधि-विधान के साथ सम्पन्न हुआ और इसके समापन पर हवन का आयोजन किया गया। हवन के बाद सीएम योगी ने भगवान शिव से समस्त प्रदेशवासियों के लिए आरोग्यमय, सुखमय, समृद्धमय और शांतिमय जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि यह अनुष्ठान सम्पूर्ण मानवता और चराचर जगत की शांति व कल्याण हेतु समर्पित है।

गौरतलब है कि सीएम योगी आदित्यनाथ गोरखनाथ मंदिर में धार्मिक अनुष्ठानों के माध्यम से सामाजिक व आध्यात्मिक चेतना के प्रसार में सदैव अग्रणी भूमिका निभाते रहे हैं। उनका यह धार्मिक आचरण आमजन में आस्था और ऊर्जा का संचार करता है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।