मुख्यमंत्री योगी ने दिए राहत कार्यों के सख्त निर्देश, किसानों को जल्द मिलेगी मदद

टेन न्यूज नेटवर्क

लखनऊ (20 अप्रैल 2025): उत्तर प्रदेश के कई जनपदों में हाल ही में आई आंधी, तेज बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों की फसलों को व्यापक नुकसान पहुंचाया है। इस प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ी राहत की घोषणा की है। उन्होंने संबंधित जिलों के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे पूर्ण तत्परता के साथ राहत कार्य संचालित करें और प्रभावित किसानों को हरसंभव सहायता प्रदान की जाए।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि अधिकारी अपने क्षेत्र का व्यापक भ्रमण कर फसल नुकसान का आकलन करें और तुरंत शासन को रिपोर्ट भेजें, ताकि किसानों को शीघ्र आर्थिक सहायता मिल सके। साथ ही, उन्होंने कहा कि यदि किसी क्षेत्र में आकाशीय बिजली, तेज हवाएं या ओलावृष्टि से जनहानि या पशुहानि हुई है तो संबंधित परिवारों को तत्काल राहत राशि का वितरण सुनिश्चित किया जाए और घायलों का समुचित उपचार भी कराया जाए।

मुख्यमंत्री योगी ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि जलभराव की स्थिति में प्राथमिकता के आधार पर जल निकासी की व्यवस्था की जाए, जिससे आम जनता को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने आपदा प्रबंधन से जुड़ी सभी एजेंसियों को अलर्ट मोड में रहने को कहा है और राहत कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने की चेतावनी भी दी है।

इस निर्णय के बाद राज्य भर के किसानों में राहत की भावना देखी जा रही है। योगी सरकार का यह कदम आपदा के समय किसानों के प्रति उसकी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता को दर्शाता है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।