बांग्लादेश में हिंदू नेता की हत्या पर उबाल, कांग्रेस बोली- चुप्पी अब नहीं चलेगी!
टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली (19 अप्रैल, 2025): बांग्लादेश के दिनाजपुर में हिंदू समुदाय के एक प्रमुख नेता भाबेश चंद्र रॉय की निर्मम हत्या के बाद भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर इस जघन्य हत्या की कड़ी निंदा की और इसे धार्मिक अल्पसंख्यकों पर बढ़ते हमलों का चिंताजनक उदाहरण बताया।
कांग्रेस ने कहा कि श्री रॉय का अपहरण कर उन पर हमला किया गया, जिससे उनकी दर्दनाक मौत हुई। यह घटना अकेली नहीं है, हाल के महीनों में बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर हमलों की कई घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें मंदिरों को अपवित्र करना और घरों-दुकानों पर हमले शामिल हैं।
पार्टी ने भारत सरकार से आग्रह किया है कि वह इस मुद्दे को सर्वोच्च प्राथमिकता से उठाए और बांग्लादेश सरकार पर दबाव बनाए कि दोषियों को सख्त सजा दी जाए। कांग्रेस ने जोर देकर कहा कि बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों की गारंटी दी जानी चाहिए।
जयराम रमेश ने कहा, “धमकी और क्रूरता के इस पैटर्न को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। जब हिंसा पनपती है, तो चुप्पी और निष्क्रियता कोई विकल्प नहीं होता।”
कांग्रेस ने साफ किया कि वह बांग्लादेश के हिंदू समुदाय और न्याय, धर्मनिरपेक्षता व मानवाधिकारों में विश्वास रखने वाले सभी लोगों के साथ मजबूती से खड़ी है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।