डीयू के वीर सावरकर कॉलेज में जमीन दान करने वालों के बच्चों को मिलेगा आरक्षण

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (16 अप्रैल 2025): दिल्ली विश्वविद्यालय के अंतर्गत नजफगढ़ के रोशनपुरा गांव में निर्माणाधीन वीर सावरकर कॉलेज में अब जमीन देने वाले ग्रामीणों के बच्चों के लिए एक महत्वपूर्ण सुविधा की घोषणा की गई है। कॉलेज में दो सीटें आरक्षित की जाएंगी एक छात्रा और एक छात्र के लिए। यह पहल उन परिवारों के लिए एक सम्मान और प्रोत्साहन है, जिन्होंने इस शैक्षणिक संस्थान के लिए अपनी भूमि दान की है।

डीयू के कुलपति प्रो. योगेश सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि यह निर्णय एक सकारात्मक और प्रभावशाली कदम के रूप में लिया गया है। उन्होंने कहा कि इससे न सिर्फ ग्रामीणों का विश्वास बढ़ेगा, बल्कि शिक्षा की ओर उनके बच्चों की भागीदारी भी सुनिश्चित होगी। विश्वविद्यालय प्रशासन स्थानीय पंचायत के साथ मिलकर जल्द ही इसके नियम और प्रक्रिया को अंतिम रूप देगा।

कॉलेज के निर्माण कार्य को पूरा होने में अभी एक से डेढ़ साल का समय लग सकता है। फिलहाल कॉलेज का भवन निर्माण कार्य ज़ोरों पर है और शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी। शुरुआत में बीबीए कोर्स और रिसर्च लैब के साथ साइंस व एडमिनिस्ट्रेशन स्ट्रीम की पढ़ाई कराई जाएगी। प्रवेश की शुरुआत कुल 60 सीटों के साथ होगी।

यह कॉलेज दिल्ली विश्वविद्यालय के पश्चिमी परिसर से मात्र पांच मिनट की दूरी पर 18,816.56 वर्ग मीटर क्षेत्र में बनाया जा रहा है। इसके निर्माण पर लगभग 140 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। कॉलेज में अत्याधुनिक सुविधाएं, डिजिटल क्लासरूम, लाइब्रेरी, लैब, और एसी युक्त प्रशासनिक भवन तैयार किया जाएगा। यह फैसला न केवल शिक्षा को बढ़ावा देगा, बल्कि स्थानीय समुदाय को शिक्षा से जोड़कर समावेशी विकास की दिशा में भी अहम भूमिका निभाएगा। ग्रामीणों को यह महसूस होगा कि उनकी दी गई जमीन समाज के भविष्य को संवारने में सार्थक उपयोग हो रही है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।