ग्रेटर नोएडा में भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार कार ने ट्रैक्टर को मारी टक्कर

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (13 अप्रैल 2025): ग्रेटर नोएडा के जेवर थाना क्षेत्र के रबूपुरा-भाईपुर रोड पर शनिवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार से जा रही एक कार ने ट्रैक्टर को टक्कर मार दी, जिससे ट्रैक्टर दो हिस्सों में बंट गया और कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में दोनों वाहन चालकों को गंभीर चोटें आई हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नोएडा निवासी मौसीन अपनी ऑरा कार से जहांगीरपुर के गांव चांचली की ओर जा रहे थे। रास्ते में उन्होंने एक वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश की, तभी उनकी कार सामने से आ रहे एक ट्रैक्टर से भिड़ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर बीच से टूटकर दो हिस्सों में बंट गया। वहीं मौसीन की कार भी पूरी तरह चकनाचूर हो गई।

हादसे में ट्रैक्टर चला रहे खेमचंद, जो फलैदा गांव के रहने वाले हैं, और कार चालक मौसीन गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही रबूपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया। किसी भी पक्ष द्वारा पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि रबूपुरा-भाईपुर रोड पर ओवरटेकिंग और तेज रफ्तार के कारण अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई अब तक नहीं की गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।