दादरी में भाजपा युवा मोर्चा ने निकाली भव्य बाइक रैली, युवा जोश और राष्ट्रभक्ति का अद्भुत संगम
टेन न्यूज नेटवर्क
ग्रेटर नोएडा (10 अप्रैल 2025): उत्तर प्रदेश में योगी सरकार के सफलतम 8 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आज गुरुवार, 10 अप्रैल को भाजपा युवा मोर्चा गौतमबुद्ध नगर द्वारा दादरी विधानसभा क्षेत्र में एक भव्य बाइक रैली का आयोजन किया गया। यह रैली भाजपा के स्थापना दिवस समारोहों की श्रृंखला का हिस्सा रही, जिसका उद्देश्य सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना और संगठन के प्रति आभार प्रकट करना था।
इस भव्य रैली की शुरुआत जारचा मंडल के गांव कलौंदा से हुई, जो दर्जनों गांवों से होते हुए एनटीपीसी स्थित महाराणा प्रताप जी की प्रतिमा स्थल पर माल्यार्पण के साथ संपन्न हुई। रैली में बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और रास्ते में ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा कर व माला पहनाकर रैली का स्वागत किया, जिससे वातावरण राष्ट्रभक्ति और संगठनात्मक ऊर्जा से ओत-प्रोत हो गया।
रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने वालों में प्रमुख रूप से नवनियुक्त भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, दादरी विधायक तेजपाल नागर, क्षेत्रीय अध्यक्ष युवा मोर्चा सुखविंदर सोम, प्रदेश महामंत्री युवा मोर्चा वरुण गोयल, दादरी नगर पालिका चेयरमैन गीता पंडित एवं युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष राज नागर उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जनता ने अभिषेक शर्मा का फूलमालाओं व बुके के साथ गर्मजोशी से स्वागत कर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने उपस्थित युवाओं और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें पार्टी के आगामी सभी कार्यक्रमों से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा की असली ताकत उसके कार्यकर्ता हैं, जो केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने का कार्य करते हैं।
दादरी विधायक तेजपाल नागर ने योगी सरकार के 8 वर्षों की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था से लेकर शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, निवेश और रोजगार तक हर क्षेत्र में ऐतिहासिक प्रगति हुई है और उत्तर प्रदेश अब भयमुक्त, भ्रष्टाचारमुक्त और विकासयुक्त राज्य के रूप में आगे बढ़ रहा है।
क्षेत्रीय अध्यक्ष युवा मोर्चा सुखविंदर सोम ने रैली में युवाओं के जोश की सराहना करते हुए इसे अनुकरणीय बताया और सफल आयोजन के लिए सभी कार्यकर्ताओं को बधाई दी। वहीं प्रदेश महामंत्री युवा मोर्चा वरुण गोयल ने रैली के पीछे की भावना को साझा करते हुए बताया कि यह आयोजन योगी सरकार की जनहितकारी योजनाओं और नीतियों को जनसामान्य तक पहुंचाने का एक सशक्त माध्यम है।
जिलाध्यक्ष युवा मोर्चा राज नागर ने बाइक रैली की सफलता का श्रेय संयोजक एवं जिला मंत्री ठाकुर बृजेश सिंह व उनकी टीम को देते हुए बताया कि युवाओं ने पूरे जोश और समर्पण के साथ आयोजन को सफल बनाया।
इस अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता जिनमें भाजपा जिला महामंत्री मनोज गर्ग, जिला मीडिया प्रभारी कर्मवीर आर्या, पूर्व जिला मंत्री वीरेंद्र भाटी, जारचा मंडल अध्यक्ष धीर राणा, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष विमल पुंडीर, वरिष्ठ नेता अजीत मुखिया, देवेंद्र त्यागी, एच.के. शर्मा, सोमेश त्यागी, विनोद शर्मा, युवा मोर्चा के ठाकुर शक्ति सिंह, चेतन वशिष्ठ, बालेश्वर नागर, ऋषभराज शर्मा, आशु कौशिक, पंकज अग्रवाल सहित सैकड़ों कार्यकर्ता व युवा उपस्थित रहे।
इस आयोजन ने यह स्पष्ट कर दिया कि युवा मोर्चा पूरी निष्ठा के साथ भाजपा की विचारधारा और योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है और संगठन की जड़ें जनमानस में और गहराई से जम रही हैं।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।