नई दिल्ली (10 अप्रैल, 2025): दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज मंदिर मार्ग स्थित वाल्मीकि मंदिर में आयोजित संत सम्मेलन में शिरकत की। इस मौके पर उन्होंने संत समाज और जनता के सामने अपनी सरकार की प्राथमिकताएं और अब तक किए गए कार्यों को साझा किया।
रेखा गुप्ता ने कहा कि जब उनकी सरकार बनी, तब हिंदू समाज ने उन्हें दो अहम ज़िम्मेदारियाँ दी, यमुना की सफाई और गौ माता की सेवा। “हम सुबह 7 बजे से लगातार दिल्ली के बड़े नालों का निरीक्षण कर रहे हैं। जिन नालों को सालों तक नजरअंदाज किया गया, उनकी गंदगी अब साफ की जा रही है। सैंकड़ों मशीनें लगाई गई हैं, और नए STP प्लांट्स भी स्थापित हो रहे हैं, ताकि शुद्ध पानी ही यमुना में जाए,” उन्होंने कहा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि यमुना सफाई सिर्फ एक परियोजना नहीं, बल्कि धर्म और पर्यावरण के प्रति उनकी सरकार की आस्था का प्रतीक है। गौ सेवा को लेकर उन्होंने कहा, “गाय माता सड़कों पर न भटकें, न दुर्घटना का कारण बनें, इसके लिए हमने सरकार बनते ही 24 करोड़ रुपये गौशालाओं को जारी किए। हमारी कोशिश है कि या तो ग्वाले खुद उन्हें रखें या वे गौशाला में सुरक्षित रहें।”
मुख्यमंत्री ने अपने भाषण के अंत में संतों से आशीर्वाद लिया और कहा, “हमारी सरकार सेवा के मार्ग पर चल रही है। धर्म, प्रकृति और जनकल्याण को साथ लेकर। आप सभी का आशीर्वाद बना रहे, यही कामना करती हूँ।”
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।