साइबर ठगी का नया तरीका: खाता में अचानक आए 1.18 करोड़ रुपये, फिर गायब!
टेन न्यूज नेटवर्क
ग्रेटर नोएडा (10 अप्रैल 2025): ग्रेटर नोएडा के दनकौर कस्बे में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसमें एक किताब विक्रेता के बैंक खाते में अचानक 1 करोड़ 18 लाख रुपये जमा हुए और कुछ ही समय में पूरा पैसा रहस्यमय ढंग से गायब हो गया। इस घटना के बाद संबंधित बैंक ने पीड़ित का खाता फ्रीज कर दिया है।
पीड़ित गौरव, जो दनकौर में किताबों की दुकान चलाते हैं, ने बताया कि उन्होंने करीब छह महीने पहले एक बैंक खाता खुलवाया था। शुरुआत में उन्होंने उसमें तीन हजार रुपये जमा किए थे, जिन्हें कुछ समय बाद निकाल लिया गया था। हाल ही में जब वे दोबारा खाते में पैसे जमा करने बैंक पहुंचे, तो उन्हें पता चला कि उनका खाता सीज कर दिया गया है।
बैंक अधिकारियों ने जानकारी दी कि गौरव के खाते में अचानक 1.18 करोड़ रुपये किसी फर्जी लेन-देन के जरिए जमा किए गए और फिर बहुत ही कम समय में उस खाते से निकाल भी लिए गए। गौरव को इस संदिग्ध ट्रांजेक्शन की भनक तक नहीं लगी, जब तक कि उनका खाता फ्रीज नहीं कर दिया गया।
गौरव ने इस मामले की शिकायत बुधवार को दनकौर कोतवाली स्थित साइबर सेल में दर्ज कराई है। उनका कहना है कि इस तरह की घटनाएं क्षेत्र में पहले भी अन्य लोगों के साथ हो चुकी हैं, जिससे यह प्रतीत होता है कि यह किसी संगठित साइबर गिरोह की साजिश हो सकती है।
फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच में जुटी है और बैंक रिकॉर्ड व तकनीकी साक्ष्यों की मदद से यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर यह पैसा किसने और कैसे ट्रांसफर किया और फिर निकाला गया। पुलिस ने यह भी संकेत दिए हैं कि जल्द ही कुछ संदिग्धों से पूछताछ की जा सकती है।
इस घटना ने एक बार फिर साइबर सुरक्षा व्यवस्था और बैंकों की सतर्कता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस और साइबर एक्सपर्ट्स लोगों से अपील कर रहे हैं कि वे अपने बैंक खातों की गतिविधियों पर नियमित रूप से नजर रखें और किसी भी संदिग्ध ट्रांजेक्शन की तुरंत सूचना संबंधित बैंक और साइबर सेल को दें।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।